1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. प्रादेशिक
  4. ms bitta statement on ram mandir priority over politics ayodhya news
Last Updated : गुरुवार, 9 अप्रैल 2026 (12:17 IST)

पहले राम फिर राजनीति, राम मंदिर को लेकर बोले मनिंदरजीत सिंह बिट्टा

MS Bitta
अखिल भारतीय आतंकवाद विरोधी मोर्चा (AIATF) के अध्यक्ष मनिंदरजीत सिंह बिट्टा ने अयोध्या धाम पहुंचकर राम मंदिर और हनुमानगढ़ी में दर्शन-पूजन किया। इस दौरान उन्होंने कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर खुलकर अपनी बात रखी।
 
मनिंदरजीत सिंह बिट्टा ने कहा कि वे वर्षों से भगवान राम और हनुमानजी के चरणों में आ रहे हैं और उनकी कृपा से ही उनका जीवन सुरक्षित रहा है। उन्होंने कहा कि हमने अपने जीवन में न गोली चलने दी, न दंगे-फसाद होने दिए और न ही बम विस्फोट होने दिए। जय श्रीराम का निर्माण हुआ, यह सब भगवान की कृपा से संभव हुआ। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि राजनीति से ऊपर भगवान राम को रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि मैं हर भारतीय से हाथ जोड़कर कहना चाहता हूं कि भगवान राम पहले हैं, राजनीतिक पार्टियां बाद में। साथ ही उन्होंने अनुच्छेद 370 हटाने और राम मंदिर निर्माण का जिक्र करते हुए कहा कि यह देश को आतंकवाद से मुक्त करने की दिशा में एक बड़ा कदम है।
 
मनिंदरजीत सिंह बिट्टा ने कहा कि मेरा धर्म भारत माता है और मेरी जाति 'वंदे मातरम्' है। उन्होंने सिख समाज से अपील की कि वे खुलकर सामने आएं और ऐसे तत्वों का विरोध करें। उन्होंने कहा कि जब तक सिख समाज खुलकर इन घटनाओं के खिलाफ नहीं बोलेगा, तब तक ऐसी घटनाएं होती रहेंगी। उन्होंने कहा कि सिख समुदाय को स्पष्ट रूप से कहना चाहिए कि वे खालिस्तान नहीं चाहते और वे भारतीय हैं।
 
फिल्म 'धुरंधर' में सिख किरदार को लेकर उठे विवाद पर उन्होंने कहा कि यह सोशल मीडिया का दौर है और अब सच्चाई सामने आएगी। उन्होंने पुराने मामलों का जिक्र करते हुए कहा कि कैसे आतंकियों अजमल कसाब और अफजल गुरु को बचाने के लिए रात में कोर्ट खोले गए थे। उन्होंने कहा कि ऐसी और फिल्में बननी चाहिए ताकि सच्चाई सामने आए।
 
ईरान युद्ध के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि युद्ध का नुकसान सिर्फ किसी एक देश को नहीं बल्कि पूरी दुनिया को होता है। उन्होंने संकेत दिया कि ऐसे संघर्षों का असर भारत समेत वैश्विक अर्थव्यवस्था और संसाधनों पर भी पड़ता है। Edited by : Sudhir Sharma
लेखक के बारे में
संदीप श्रीवास्तव
संदीप श्रीवास्तव करीब 25 वर्ष से ज्यादा समय से मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं। वेबदुनिया के लिए उत्तर प्रदेश में स्ट्रिंगर के रूप में कार्य करते हैं। .... और पढ़ें