dharma sangrah
Sun, 22 Nov 2026

Notifications

  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. प्रादेशिक
  4. Mayawati, Akhilesh Yadav, BSP, SP

मंच साझा करेंगे मायावती और अखिलेश...

Mayawati
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के हाल में सम्पन्न विधानसभा चुनाव में करारी शिकस्त के बाद बदली सूरतेहाल में समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी आगामी अगस्त में पटना में होने वाली राष्ट्रीय जनता दल प्रमुख लालू प्रसाद यादव की रैली में मंच साझा कर नई संभावनाओं की इबारत लिखती नजर आएंगी।
 
राजद की उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष अशोक सिंह ने बुधवार को बताया कि सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव और बसपा मुखिया मायावती ने आगामी 27 अगस्त को पटना में आयोजित होने वाली लालू की रैली में शिरकत पर रजामंदी दे दी है। राजद प्रमुख लालू ने इन दोनों नेताओं को इस रैली में शामिल होने के लिए हाल में फोन भी किया था।
 
सिंह ने बताया कि सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव को भी रैली में लाने की कोशिशें की जा रही हैं। वर्ष 1993 में प्रदेश में मिलकर सरकार बनाने वाली सपा और बसपा के बीच दूरियां चर्चित ‘गेस्ट हाउस कांड’ के बाद इस कदर बढ़ गईं कि उन्हें एक नदी के दो किनारों की संज्ञा दी जाने लगी। माना जाने लगा कि अब ये दोनों दल एक-दूसरे से कभी हाथ नहीं मिलाएंगे, लेकिन इसे सियासी तकाजा कहें या फिर समय का फेर, इन दोनों दलों के नेता अब मंच साझा करने को तैयार हो गए  हैं।
 
सपा और बसपा के एक मंच पर साथ आने को राजनीतिक हलकों में सूबे की राजनीति के एक नए  दौर के उभार के रूप में देखा जा रहा है। खासकर वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव और 2017 के विधानसभा चुनाव में भाजपा के हाथों करारी शिकस्त ने इन दोनों दलों को साथ आने के बारे में सोचने पर मजबूर किया है। (भाषा)
ये भी पढ़ें
योगीराज में तिहरा हत्याकांड