1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. प्रादेशिक
  4. Madhav Singh Solanki dies

वरिष्‍ठ कांग्रेस नेता माधवसिंह सोलंकी का निधन, 4 बार संभाली थी गुजरात की कमान

Madhav Singh Solanki
अहमदाबाद। पूर्व विदेश मंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता माधवसिंह सोलंकी का शनिवार सुबह गांधीनगर में निधन हो गया। उनकी उम्र 93 वर्ष थी। सोलंकी ने 4 बार मुख्यमंत्री के रूप में गुजरात की कमान संभाली।
 
कांग्रेस की गुजरात इकाई के अध्यक्ष अमित चावड़ा ने ट्वीट किया, 'माधवसिंह सोलंकी के निधन से शोकाकुल हूं। भगवान उनकी आत्मा को शांति दें। उन्होंने अपने कामों से लोगों के दिलों में जगह बनाई।' चावड़ा सोलंकी के रिश्तेदार भी हैं।

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री और पूर्व केंद्रीय मंत्री माधव सिंह सोलंकी के निधन पर शनिवार को दु:ख जताया और कहा कि सोलंकी पार्टी की विचारधारा को मजबूत करने और सामाजिक न्याय को बढ़ावा देने के लिए याद किए जाएंगे।
 
सोलंकी ने जून 1991 से मार्च 1992 के बीच विदेश मंत्री का प्रभार संभाला था। उन्होंने राज्य में कांग्रेस की जीत के लिए क्षत्रिय, हरिजन, आदिवासी और मुस्लिम (केएचएएम) जाति तथा समुदायों के गठबंधन का विचार रखा था।
 
वह गुजरात से दो बार राज्यसभा के सदस्य भी रहे। नरेन्द्र मोदी के गुजरात का मुख्यमंत्री बनने से पहले सोलंकी सबसे लंबे समय तक राज्य के मुख्यमंत्री रहे थे। सोलंकी के बेटे भरत सिंह सोलंकी भी पूर्व केन्द्रीय मंत्री हैं। 
अगला लेख
बिडेन का ट्रंप पर तीखा हमला, कहा- वे अमेरिकी इतिहास के सबसे अयोग्य राष्ट्रपति