सम्बंधित जानकारी
- राजनीतिक फायदे के लिए देश को गुमराह कर रहे हैं मोदी : कुमारस्वामी
- मुख्यमंत्री कुमारस्वामी बोले- उन्हें बेरहमी से शूटआउट में मार डालो...
- भाजपा ने कुमारस्वामी के खिलाफ राज्यपाल से की शिकायत
- दलाई लामा ने कुमारस्वामी को भेंट किया 'धर्म चक्र', स्वामी ने कहा तिब्बतियों की करेंगे मदद
- राजनेता व मीडिया मेरा बयान गलत ढंग से पेश कर रहे हैं : कुमारस्वामी
कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने कहा, कर्नाटक में गठबंधन सरकार को कोई खतरा नहीं
बेंगलुरु। कर्नाटक में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने कहा कि दक्षिणी राज्य में गठबंधन सरकार को कोई खतरा नहीं है। भाजपा पर गठबंधन सरकार को अस्थिर करने के निष्फल प्रयासों का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि भगवा पार्टी की साजिश का पर्दाफाश हो गया है।
कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस कमेटी (केपीसीसी) प्रमुख दिनेश गुंडूराव ने कहा कि सभी संपर्क में हैं। आप किसी के बारे में भी यह नहीं कह सकते हैं कि वह संपर्क में नहीं है। आपने (मीडिया) उन लोगों के नामों की सूची निकाली, जो पार्टी छोड़ सकते थे। इनमें से अधिकतर तो लौट आए, अन्य भी वापस आ जाएंगे।
कांग्रेस विधायक दल की बैठक से पहले पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि चलिए जो हुआ सो हुआ, लेकिन इस सरकार को कोई खतरा नहीं है। यह सरकार 5 साल पूरे करेगी। भाजपा सरकार को अस्थिर करने के लिए बेकार प्रयास कर रही है। भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधते हुए राव ने आरोप लगाया कि उनके विधायकों को हरियाणा के गुरुग्राम के एक होटल में बंधक बनाकर रखा गया था। राव ने कहा कि मुझे उन पर तरस आता है।
उन्होंने कहा कि इस सरकार को कोई खतरा नहीं है। वो चाहे जितनी भी कोशिश कर लें, इस सरकार को नहीं गिरा सकते। भाजपा की साजिश का अब पर्दाफाश हो गया है। इंतजार कीजिए और देखते जाइए, आने वाले दिनों में क्या-क्या होता है। यहां राज्य सचिवालय ने बताया कि कांग्रेस के विधायक दल की बैठक शुक्रवार को विधान सौंध में 3.30 बजे होने वाली है।
भाजपा की कथित सरकार गिराने की मुहिम के जवाब में समझा जाता है कि बैठक में कांग्रेस अपनी ताकत का प्रदर्शन करेगी। सत्तारूढ़ गठबंधन ने भाजपा की इस कोशिश को फ्लॉप करार दिया है। केपीसीसी के कार्यकारी अध्यक्ष ईश्वर खांडरे ने कहा कि पार्टी नेता सभी विधायकों के संपर्क में हैं और उन्होंने विधायकों से विधायक दल की बैठक में शामिल होने के लिए कहा है जिसमें सबकुछ साफ कर दिया जाएगा। (भाषा)
