असम सरकार जनसंख्या नियंत्रण को लेकर बनाएगी पॉपुलेशन आर्मी | Hemant Biswa Sarma
असम के मुख्यमंत्री हेमंत बिस्वा सरमा ने गत दिवस विधानसभा में पॉपुलेशन आर्मी के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि मुस्लिम बहुल इलाकों में जनसंख्या नियंत्रित करने को लेकर असम सरकार पॉपुलेशन आर्मी बनाने की तैयारी में है। उन्होंने बताया कि 1,000 युवाओं की सेना विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर गर्भनिरोधक बांटेगी। सीएम के कई प्रस्तावों का जनसंख्या नियंत्रण को लेकर लोग पहले विरोध कर चुके हैं।
ALSO READ: पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह की हालत नाजुक
यह जानकारी देते हुए सीएम ने बताया कि राज्य के पश्चिमी और उत्तरी हिस्सों में आबादी बढ़ रही है। जनसंख्या नियंत्रण के उपायों के बारे में जागरूकता पहुंचाने और गर्भनिरोधक वितरित करने में चार चपोरी के करीब 1000 युवा शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि हम आशा कार्यकर्ताओं की एक अलग टीम बनाने की तैयारी कर रहे हैं जिन्हें जन्म नियंत्रण और गर्भनिरोधक वितरण का काम दिया जाएगा।
सरमा ने कहा कि साल 2001 से लेकर 2011 तक असम में हिन्दुओं की जनसंख्या वृद्धि 10 फीसदी थी वहीं मुसलमानों के मामले में यह 29 फीसदी। कम आबादी से बड़े घरों व वाहनों के चलते असम में हिन्दुओं की जीवनशैली बेहतर हुई है। बच्चे डॉक्टर और इंजीनियर बन रहे हैं। हालांकि अभी तक यह साफ नहीं हो सका है कि उन्होंने जो आंकड़े पेश किए हैं, वे किस आधार पर दिए गए हैं।
