1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. प्रादेशिक
  4. Andhra Pradesh granite mine blast

आंध्रप्रदेश में ग्रेनाइट खदान विस्फोट में 12 मरे

Andhra Pradesh
कुरनूल। आंध्रप्रदेश के कुरनूल जिले के अलुरु मंडल के हरिबेलगल गांव में शुक्रवार रात एक ग्रेनाइट खदान में भीषण विस्फोट होने से  12 श्रमिकों की मौत हो गई और इतने ही घायल हो गए।
 
 
पुलिस ने बताया कि ग्रेनाइट खदान में भीषण धमाका हुआ जिसमें 12 श्रमिकों की मौके पर ही मौत हो गई। धमाके में 8 अन्य 80 फीसदी तक झुलस गए हैं। मुख्यमंत्री एन. चन्द्रबाबू नायडू ने घटना पर दुख व्यक्त किया है। नायडू ने कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक के साथ बात की और उन्हें घायलों के लिए बेहतर उपचार करवाने के निर्देश दिए।
 
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि खदान में करीब 8 बजे भीषण धमाका हुआ था जिसे दुर्घटना स्थल से 20 किमी दूर भी सुना जा सकता था। शवों के परखच्चे जगह-जगह बिखरे हुए थे। धमाके बाद खदान के शेड में आग लग गई और पुलिस को शंका है कि शेड में कुछ और मजदूर भी फंसे हो सकते हैं। धमाके में इस क्षेत्र के पास 10 घर, 3 ट्रैक्टर और 1 लॉरी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
 
प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि धमाके वाले स्थल पर 20 मजदूर काम कर रहे थे। अधिकतर पीड़ितों को यहां ओडिशा से काम करने के लिए लाया गया था। सभी घायलों को पहले अलुरु के सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। चिकित्सकों ने उन्हें बाद में कुरनूल और अडोनी रेफर कर दिया। पुलिस ने क्षेत्र की घेराबंदी कर ली है।
 
जिला कलेक्टर सत्यनारायण ने बताया कि शीर्ष पुलिस और राजस्व अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच चुके हैं। पुलिस ने कहा कि मृतकों की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है। मृतकों की मौत की संख्या बढ़ने की आशंका है। (वार्ता)
अगला लेख
सरकार की नई योजना, जीएसटी के तहत डिजिटल पैमेंट पर मिलेगा 'कैशबैक'