• Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. विधानसभा चुनाव 2018
  3. राजस्थान विधानसभा चुनाव 2018
  4. Assembly elections
Written By
Last Modified: मंगलवार, 11 दिसंबर 2018 (15:17 IST)

भाजपा कार्यालय में सन्नाटा, कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह

Assembly elections
जयपुर। मतगणना के शुरुआती रुझानों के बाद जहां कांग्रेस के प्रदेश मुख्यालय व कांग्रेस के प्रमुख नेताओं के निवास पर चहल-पहल दिखी, वहीं भारतीय जनता पार्टी के मुख्यालय में अपेक्षाकृत सन्नाटा दिखा।
 
 
सुबह 8 बजे मतगणना शुरू हुई और 9 बजे तक शुरुआती रुझान में कांग्रेस को बढ़त मिलती दिखी तो कांग्रेस के प्रदेश मुख्यालय के साथ-साथ पार्टी प्रदेशाध्यक्ष के जालूपुरा स्थित निवास व पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के निवास पर कार्यकर्ताओं की भीड़ दिखी। लोगों ने जोश में नारे लगाए व पटाखे फोड़े।
 
हालांकि बाद में 11 बजे तक कांग्रेस की शुरुआती बढ़त उतनी मजबूत नहीं रही और भारतीय जनता पार्टी मुकाबले में आती दिखी। इससे कांग्रेस कार्यकर्ताओं का जोश जरूर कम हुआ लेकिन वे उत्साहित थे। वहीं भाजपा का प्रदेश मुख्यालय सुबह से ही खाली-खाली दिखा और वहां कार्यकर्ताओं का हुजूम नहीं दिखा। लगभग 11.15 बजे मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे व प्रदेशाध्यक्ष मदनलाल सैनी मुख्यालय पहुंचे।
 
वहीं कांग्रेस नेता गहलोत व सचिन पायलट ने संवाददाताओं से बातचीत की। दोनों नेताओं ने कहा कि अंतिम परिणाम आने का इंतजार किया जाए लेकिन विश्वास जताया कि राज्य में कांग्रेस पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। (भाषा)
ये भी पढ़ें
रंग लाई राहुल गांधी की मेहनत, कुछ हफ्तों में की थीं 82 सभाएं