दुबई में भारतीय बच्ची की मौत, दिमागी बुखार का डर बढ़ा
दुबई। दुबई में तेज बुखार और बेचैनी से चार वर्षीय भारतीय बच्ची की मौत होने के बाद दिमागी बुखार के खतरे को लेकर लोगों में डर फैल गया है। हालांकि स्वास्थ्य अधिकारियों ने ऐसी किसी आशंका से इनकार किया और मामले की जांच की जा रही है।
बच्ची को रविवार को तेज बुखार और बेचैनी हो रही थी। परिवार के लोगों ने इसे सामान्य फ्लू समझा और उसे एक डॉक्टर के पास ले गए। डॉक्टर ने उसे दवाएं दीं, लेकिन अगले दिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
डॉक्टरों को संदेह है कि बच्ची की मौत दिमागी बुखार के कारण हुई है। हालांकि दुबई स्वास्थ्य प्राधिकार :डीएचए: ने अपनी जांच में दिमागी बुखार या किसी भी संक्रामक बीमारी को मौत का कारण नहीं बताया है।
डीएचए ने एक बयान में कहा कि दुबई में दिमागी बुखार से मौत का कोई मामला सामने नहीं आया है। (भाषा)

