1. लाइफ स्‍टाइल
  2. »
  3. एनआरआई
  4. »
  5. एनआरआई सिनेमा

स्लमडॉग के जरिए छाया रहा भार‍त

आठ ऑस्कर से हुई जय-जयकार

स्लमडॉग मिलियनेयर
- श्रीराम ताम्रकर

ND
महाशिवरात्रि का दिन भारत के लिए महान सौगात लेकर आया। इधर मंदिरों में भगवान भोलेनाथ की तो लॉस एंजिल्स में भारत की जय-जयकार गूँज उठी। मुंबई के गरीब बच्चों की कहानी पर बनी फिल्म 'स्लमडॉग मिलियनेयर' को आठ और उत्तरप्रदेश की एक बच्ची पर बने लघु वृत्तचित्र 'स्माइल पिंकी' को भी ऑस्कर से नवाजे जाने पर रहमान और पिंकी के साथ सभी भारतीयों के चेहरे पर मुस्कान छा गई।

'स्लमडॉग मिलियनेयर' के माध्यम से एकसाथ 8 ऑस्कर पुरस्कार मिल जाना भारतीय फिल्म दर्शकों के लिए अत्यधिक खुशी, उत्तेजना तथा प्रसन्नता का विषय है। इस प्रसंग को उत्साह, जोश और गर्व के साथ मनाने का प्रत्येक भारतीय का हक भी है। फिल्म का निर्माण, निर्देशन और यूनिट के अधिकांश सदस्य भले ही विदेशी हों, फिल्म का पूरा फोकस हिन्दुस्तानी समाज है।

ND
फिल्म की कथा, पटकथा हिन्दुस्तानी है। लोकेशन मायानगरी मुंबई का है। प्रमुख कलाकार अनिल कपूर, इरफान खान, फ्रीडा पिंटो, देव पटेल (भारतीय मूल) हमारे अपने हैं। संगीत एआर रहमान ने रचा है और फिल्म के सकारात्मक सोच को वे 'जय हो जय हो' तक ले गए हैं।

सन्‌ 1957 की फिल्म 'मदर इंडिया' से लेकर 2001 की फिल्म 'लगान' तक हम ऑस्कर की दौड़ में लगातार दौड़ते रहे हैं और अपनी मुट्ठियों में ऑस्कर के इंद्रधनुष को पकड़ने की कोशिश करते रहे। 1992 में जरूर सिर उठाकर और सीना फुलाकर ऑस्कर अवॉर्ड से गौरवान्वित होने का अवसर हमें मिला, जब बांग्ला फिल्मकार सत्यजीत रे को लाइफ टाइम कान्ट्रीब्यूशन टू वर्ल्ड सिनेमा के लिए मानद ऑस्कर से नवाजा गया। आज फिर एक बार 'स्लमडॉग मिलियनेयर' के जरिए बॉलीवुड का कद हॉलीवुड से आज ऊँचा हो गया है।