लंदन में कथा गोष्ठी संपन्न
रिश्तों की नई परिभाषा देती कहानियां
- दीप्ति शर्मा
PR |
कथा यू.के. द्वारा लंदन के उपनगर एजवेअर में आयोजित कथा गोष्ठी में काउंसलर जकीया जुबैरी ने अपनी कहानी मन की सांकल एवं लेस्टर की कथाकार नीना पॉल ने अपनी कहानी आखरी गीत का पाठ किया। कथा यू.के. के महासचिव एवं प्रतिष्ठित कथाकार तेजेन्द्र शर्मा ने कहानियों एवं कहानीकारों का परिचय देते हुए कहा कि इन दोनों कहानियों ने मानवीय रिश्तों की कड़ी पड़ताल करते हुए रिश्तों की एक नई परिभाषा लिखी है।
जहां नीना पॉल ने अपनी कहानी में मंटो जैसा ट्विस्ट देते हुए कहानी में पिता-पुत्री के संबंधों की व्याख्या की है, वहीं जकीया जुबैरी ने एक बहुत ही कॉम्पलैक्स थीम को पूरी महारथ के साथ पन्नों पर उतारा है। जकीया जुबैरी ने अपनी कहानी में कहानीपन बरकरार रखते हुए स्थितियों का मनोवैज्ञानिक विश्लेषण किया है।
नीना पॉल की कहानी आखरी गीत में पिता द्वारा अपने परिवार को छोड़ जाने के बाद पुत्री के दिल में पिता के प्रति नकारात्मक भावनाओं का अंबार भर जाता है। किन हालात में पुत्री का हृदय परिवर्तन होता है और गलतफहमियां किस ट्विस्ट से दूर होती हैं। यही कहानी का सार है।
भारतीय उच्चायोग की श्रीमती पद्मजा के अनुसार कहानी में यूनिवर्सल अपील के संवाद हैं। कैलाश बुधवार का मानना था कि कहानी रोचक है, बांधती है और इसके पात्र व दृश्य स्वाभाविक एवं सजीव हैं। किन्तु पुत्री का पिता के प्रति अचानक हृदय परिवर्तन कैसे हो जाता है, कहानी नहीं बता पाती। आनंद कुमार के अनुसार कहानी में पिता-पुत्री की संवादहीनता की स्थिति बहुत गहराई से दिखाई गई है। परिवर्तन बहुत सूक्ष्म ढंग से दिखाया गया है। एस.के. धामी को कहानी की भाषा और बिंब बहुत पसन्द आए। अरुणा अजितसरिया के अनुसार कहानी के अंत का संकेत बहुत कलात्मकता से दिया गया है।
PR
जकीया जुबैरी की कहानी मन की सांकल मां और बेटे के संबंधों पर आधारित एक कॉम्पलेक्स कहानी है। बचपन में बेटे के लिए मार खाने वाली मां आज अपने ही बेटे के हाथों झिंझोड़ी जा चुकी है। उसके बीमार बदन पर नील उभर रहे हैं। दोनों के संबंध उस कगार पर पहुंच गए हैं कि मां के मन में डर बैठ गया है कि बेटा शायद रात को सोते हुए उसका कत्ल ही न कर बैठे। वह उठती है और कमरे की सांकल लगा देती है। सांकल एक खूबसूरत बिंब की तरह उभर कर आती है।
कैलाश बुधवार का मानना था कि कहानी स्तब्धकारी है। मानवीय संवेदनाएं हमें झिंझोड़ देती हैं। जैसे माइक्रोस्कोप लगा कर लेखिका ने रिश्तों को हमारे सामने उकेर कर रख दिया है। कहानी भाषा, प्रवाह, स्ट्रक्चर सभी में सफल है। जिल, नीरा और पति का चित्रण भी मुख्य पात्रों की ही तरह सजीव है। पद्मजा का मानना था कि इस कहानी से उबरने में उन्हें समय लगेगा। कहानी में यथार्थ का चित्रण है जो कि सजीव भी है और वास्तविक भी।
साहित्य के लिए सवाल खड़े करना बहुत जरूरी है और यह कहानी सवाल खड़े करती है। आसिफ जिलानी का कहना था कि बीच का बच्चा हमेशा एक डिफिकल्ट बच्चा होता है। जिस तरह जकीया जुबैरी ने नारी के मन का दर्द दिखाया है, वह केवल एक नारी ही दिखा सकती थी। कहानी मनोवैज्ञानिक स्तर पर रिश्तों की पड़ताल करती है।
इस अवसर पर हॉलैंड से पधारी पंजाबी साहित्यकार अमरज्योति ने मां और पुत्र के संबंधों के विषय में बात करते हुए कहा कि कहानी की यात्रा महत्वपूर्ण है। प्याज से निकले आंसुओं का धनिए के बीज से इलाज करने वाला पुत्र अपनी मां की आंखें दर्द के आंसुओं से भर देता है। रिश्तों की प्रस्तुति लगभग महान है। आंनद कुमार का कहना था कि मां-बेटे के संबंधों को बहुत खूबसूरती से उकेरा गया है। वहीं दीप्ति शर्मा का कहना था कि कहानी में दर्द का सटीक चित्रण है मगर आवश्यक था कि मां अपने अधिकार की घोषणा करती और पुत्र को उसका सही स्थान बता देती।
PR
जकीया जुबैरी को एक सशक्त कहानी के लिए बधाई देते हुए उन्होंने कहा कि यह एक नारी के आंतरिक दर्द की कहानी है। हम सीमा के दर्द को समझ सकते हैं। देवी पारेख को लगा कि ऐसी कहानी केवल एक मां ही लिख सकती है। प्रो. अमीन मुगल का कहना था कि यह मां और पुत्र के संबंधों की एक खौफनाक कहानी है।
सांकल का बिंब इस कहानी का सबसे सबल पक्ष है। यह कहानी पति-पत्नी और मां-पुत्र के संबंधों से कहीं आगे बढ़ कर दो लिंगों की संगतता (कॉम्पेटेबिलिटी) पर प्रश्न उठाती है। उन्हें सांकल का बिंब सीधा इबसन के नाटक के चरित्र नोरा तक ले गया जब वह दरवाजा बन्द करती है तो लगता है कि पूरे यूरोप की महिलाओं ने दरवाजा बन्द कर दिया हो। कहानी अपने भीतर एक निर्दयी सच लिए है। कहानी का स्टाइल, टोन, बातचीत का अंदाज सभी कहानी को उच्च श्रेणी की कहानी बनाते हैं।
इस आयोजन में प्रो. अमीन मुगल, कथा यू.के. के अध्यक्ष कैलाश बुधवार, सुश्री पद्मजा (भारतीय उच्चायोग), आनंद कुमार (हिन्दी एवं संस्कृति अधिकारी- भारतीय उच्चायोग), एस.के. धामी (भारतीय उच्चायोग), आसिफ जिलानी (बीबीसी रेडियो), प्रो. हबीब जुबैरी, मोहसिना जिलानी, देवी पारेख, सुरेन्द्र कुमार, ओम कटारिया, परी कटारिया, पायल सुर्वे (लूटन), डॉ. अमरज्योति (पंजाबी साहित्यकार), डॉ. बोस आदि शामिल थे।
इस कार्यक्रम के मेजबान थे अरुणा एवं नंद अजितसरिया और संचालन तेजेन्द्र शर्मा ने किया।

