1. लाइफ स्‍टाइल
  2. »
  3. एनआरआई
  4. »
  5. एनआरआई गतिविधि

बालों से खींची डबलडेकर बस

गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्डस डे
भारतीय मूल के मंजीत सिंह ने गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में एक नया रिकॉर्ड बनाने के लिए अपने बालों से सात टन वजनी डबल डेकर बस को खींचा। सिंह ने बस को 21.2 मीटर की दूरी तक खींचा। लिसेस्टर के निवासी सिंह ने अपनी पॉनीटेल से एक पिन को जोड़ कर विंटेज रूटमास्टर बस को खींचा। उन्होंने कल इस कारनामे को लंदन के बाटेरसा पार्क में अंजाम दिया।

उल्लेखनीय है कि कल ही पाँचवाँ वार्षिक गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्डस डे था और इस दिन दुनिया भर के हजारों लोग कुछ अलग हट कर करने का प्रयास कर रहे थे।

अपने अनोखे कारनामे के बाद सिंह ने कहा ‘यह थोड़ा कष्टदायक था, लेकिन मजेदार था। मैं सिर्फ अपने पैरों के बारे में सोच रहा था और मेरे मन में एक रिकॉर्ड बनाने का ख्याल था कि मैं जितनी दूर जा सकता हूँ, जाऊँ।’ सिंह ने इसके पूर्व 2007में कानों से डबलडेकर बस खींच कर निर्धारित दूरी का रिकॉर्ड तोड़ने की कोशिश की थी, लेकिन वह इसमें असफल रहे थे।

सिंह ने इस पर कहा ‘मैं कभी हार से हतोत्साहित नहीं होता क्योंकि मैं जानता हूँ कि सफलता अगले दरवाजे पर इंतजार कर रही होती है। एकमात्र रास्ता यह है कि दोबारा कोशिश करें और सकारात्मक रवैया रखें।’ वर्तमान में सुरक्षा सलाहकार का काम कर रहे सिंह ने कहा कि उन्होंने इसके लिए न तो कोई विशेष प्रशिक्षण लिया और न ही अपने बालों को कोई विशेष उपचार दिया। (भाषा)
लेखक के बारे में
भाषा
भाषा हिन्दी समाचार एजेंसी है, जो कि वेबदुनिया को अनुबंध के तहत देश-विदेश की खबरें उपलब्ध करवाती है।.... और पढ़ें