1. लाइफ स्‍टाइल
  2. »
  3. एनआरआई
  4. »
  5. एनआरआई गतिविधि
  6. आठ भारतीय युवकों की सजा माफ

आठ भारतीय युवकों की सजा माफ

शारजाह
ND

शारजाह की एक अदालत ने पाकिस्तानी नागरिक की हत्या के मामले में मौत की सजा पाए आठ भारतीय नागरिकों की सजा माफ कर दी। अदालत ने दुबई के एक होटल व्यवसायी की ओर से पीड़ित परिवार को हर्जाने का भुगतान किए जाने के बाद पंजाब निवासी युवकों की सजा को माफ कर दिया। यह हत्या 11 जुलाई 2009 को हुई थी। इस मामले में आठ भारतीय और दो पाकिस्तानी नागरिकों को गिरफ्तार किया गया था।

दुबई के होटल व्यवसायी एसपी सिंह ओबेराय की ओर से हर्जाना दिए जाने के बाद उन दोनों पाकिस्तानी नागरिकों की सजा भी माफ कर दी गई।

ओबेराय ने रविवार को आए फैसले के बाद कहा कि, ‘हत्या के मामले में दोषी ठहराए गए सभी दस लोगों की सजा माफ कर दी गई है। उन्हें तीन वर्ष की सजा काटनी होगी जिसमें से 21 महीनें उन्होंने पहले ही काट लिए हैं। इसलिए सभी को अगले छह महीने बाद रिहा कर दिया जाएगा। उसके बाद उन्हें सीधे स्वदेश भेज दिया जाएगा।’

पाकिस्तान के फैसलाबाद के निवासी मुमताज यूसुफ की हत्या हुई थी। इस मामले में भारतीय नागरिकों कुलदीप सिंह, सचिन कुमार शर्मा, राकेश कुमार, सुखपाल सिंह, हरदेव सिंह, चरणजीत, अमरजीत सिंह और रशविंदर पाल को गिरफ्तार किया था।

ओबराय ने बताया कि 24 नवंबर, 2009 को पीड़ित के पिता ने अदालत में याचिका दायर कर सुलह की गुहार लगाई थी। इसी साल एक फरवरी को ओबराय ने पीड़ित परिवार को रकम अदा की और फिर इन लोगों के लिए राहत मुमकिन हो सकी।

ये सभी आठ लोग पंजाब के रहने वाले हैं। उन्होंने कहा कि यहाँ ऐसे कई मामले हैं, जिनमें पंजाब के 60 युवक आरोपी हैं। (भाषा)
लेखक के बारे में
भाषा
भाषा हिन्दी समाचार एजेंसी है, जो कि वेबदुनिया को अनुबंध के तहत देश-विदेश की खबरें उपलब्ध करवाती है।.... और पढ़ें