कबाड़ से करोड़पति तक, गर्लफ्रेंड को गिफ्ट किया था 100 करोड़ का बंगला, कैसे स्क्रैप माफिया बना गैंगस्टर रवि काना?
- स्क्रैप माफिया बनकर बनाई कई कंपनियां, पत्नी बनी पार्टनर
- जमीन, वाहन और केश मिलाकर करोड़ों की अकूत संपत्ति जब्त
- गर्लफ्रेंड को गिफ्ट किया था 100 करोड़ का बंगला उसी के साथ पकड़ाया
कैसे स्क्रैप माफिया बना रवि काना : बता दें कि रवि नागर उर्फ रवि काना कुख्यात बदमाश अनिल दुजाना का राइट हैंड है। दुजाना के एनकाउंटर में मारे जाने के बाद रवि काना के अपराध का ग्राफ तेजी से ऊपर उठा। कबाड़ की छोटी सी दुकान चलाने वाला रवि काना धीरे-धीरे अपराधियों का सिरमौर बन गया। काना का वक्त भी उसका साथ दे रहा था। दुजाना के एनकाउंटर में मारे जाने के बाद उसकी गैंग की कमान रवि काना के हाथ में आ गई। बाद में वो सरिया तस्करी कर करोड़पति बन बैठा। माफिया जबरन ट्रैकों से सरिया उतरवा था और उन्हें जबरदस्ती कंपनियों मे सप्लाई करता था।
गैंगरेप से आया गिरफ्त में : बता दें कि रवि काना के नाम कई मामले दर्ज हैं। लेकिन, हाल ही में नोएडा पुलिस ने एक 26 साल की युवती संग गैंगरेप के आरोप में मुकदमा दर्ज किया है। उस पर गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है। भगोड़े रवि काना की पत्नी मधु पर भी कार्रवाई की जा रही है। नोएडा शहर में 26 साल की युवती ने रवि काना समेत 5 लोगों के खिलाफ गैंगरेप का आरोप लगाया है।
कितनी संपत्ति का मालिक : पुलिस के मुताबिक रवि काना की कुर्क की गई संपत्तियों में लगभग एक दर्जन वाहन, बैंक खाते और अचल संपत्ति शामिल हैं। पिछले दो महीने में गैंगस्टर रवि काना के गिरोह के करीब एक दर्जन गुर्गों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। यह गिरोह कथित तौर पर स्क्रैप का व्यापार करता है और ठेके हासिल करने के लिए आपराधिक पृष्ठभूमि का इस्तेमाल करता है।
पुलिस ने करीब 100 करोड़ रुपए से ज्यादा की संपत्ति को सील किया था। पुलिस ने इकोटेक वन क्षेत्र में 5 करोड़ से ज़्यादा का स्क्रैप व 30 करोड़ की ज़मीन को सील किया था। बिसरख थाना क्षेत्र के चेरी काउंटी में 5000 गज जमीन को जब्त किया था।
गर्लफ्रेंड को 100 करोड़ का बंगला : रवि काना की एक गर्लफ्रेंड है, जिसका नाम काजल झा है। हालांकि रवि काना पहले से शादीशुदा है। उसकी पत्नी का नाम मधु नागर है। लेकिन बाद में काजल की एंट्री रवि काना के गैंग में उस वक्त हुई, जब वो दिल्ली में नौकरी की तलाश में आई थी। रवि काना ने उसे अपने स्क्रैप के हिसाब-किताब का काम सौंपा था, लेकिन जल्द ही काजल उसके गैंग का हिस्सा बन गई। दोनों के बीच नजदीकी बढ़ी। बाद में रवि काना ने उसे दिल्ली के पॉश इलाके न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी में करीब 100 करोड़ रुपए की कीमत का बंगला गिफ्ट किया।
मधू नागर से हुई थी शादी : करीब 18 साल पहले रवि काना और मधु नागर की शादी हुई थी। दोनों के दो बच्चे भी हैं। शुरुआत में पूरा परिवार साथ ही रहता था, लेकिन करीब 4-5 साल पहले उसने अपनी पत्नी और दोनों बच्चों को देहरादून शिफ्ट कर दिया। दरअसल, इसके पीछे एक बड़ी वजह थी। फरवरी 2015 में रवि काना के भाई हरेंद्र प्रधान की हत्या हुई। हत्या का इल्जाम लगा सुंदर भाटी गैंग पर। ऐसे में रवि काना को पुलिस ने सुरक्षा मुहैया कराई। हालांकि, बाद में पता चला कि रवि काना इस सुरक्षा का नाजायज फायदा उठा रहा था। पुलिस ने उसकी सुरक्षा हटा ली।
ऐसे सलाखों के पीछे पहुंची मधु नागर : 16 फरवरी 2024 का दिन था। जब पुलिस ने मधु नागर को दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर लिया। दरअसल, रवि काना और उसकी गर्लफ्रेंड काजल झा के साथ ही मधु नागर भी थाईलैंड भाग गई थी। इसके बाद पुलिस को मुखबिरों से खबर मिली कि मधु देहरादून में अपने परिवार से मिलने के लिए फरवरी में भारत आ रही है। पुलिस ने जाल बिछाया और जैसे ही मधु एयरपोर्ट पर उतरी, उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उसके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट और असामाजिक गतिविधियां एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था। अब वो जेल में है। जबकि अब रवि काना और काजल के गिरफ्तार होने की खबर आई है।
Edited by: Navin Rangiyal

