Dollar Vs Rupee : डॉलर के मुकाबले रुपया टूटा, जानिए कितनी आई गिरावट...
Dollar and Rupee Update News : अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया बृहस्पतिवार को 20 पैसे की गिरावट के साथ 86.12 प्रति डॉलर पर बंद हुआ। अमेरिकी डॉलर में मजबूती, विदेशी पूंजी की निकासी और वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव के बीच रुपए की विनिमय दर में गिरावट आई। विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि घरेलू शेयर बाजारों में बिकवाली के रुख तथा भारत-अमेरिका व्यापार वार्ता के नतीजों को लेकर अनिश्चितताओं से भी रुपए पर दबाव बढ़ा है।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया, अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 85.93 पर खुला। कारोबार के दौरान यह 85.80 से 86.13 प्रति डॉलर के दायरे में रहा। अंत में यह 86.12 प्रति डॉलर पर बंद हुआ जो पिछले बंद भाव से 20 पैसे की गिरावट है। रुपया बुधवार को 85.92 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।
फिनरेक्स ट्रेजरी एडवाइजर्स एलएलपी के कार्यकारी निदेशक अनिल कुमार भंसाली ने कहा, मजबूत डॉलर सूचकांक के साथ रुपए में गिरावट रही। एशियाई मुद्राओं में गिरावट से भी मदद नहीं मिली और रुपया 86 के स्तर से नीचे पहुंच गया...। उन्होंने कहा, शुकवार को रुपए के 85.75 से 86.25 स्तर के बीच कारोबार करने का अनुमान है।
इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.25 प्रतिशत की बढ़त के साथ 98.63 पर पहुंच गया। घरेलू शेयर बाजारों में सेंसेक्स 375.24 अंक की गिरावट के साथ 82,259.24 अंक पर जबकि निफ्टी 100.60 अंक फिसलकर 25,111.45 अंक पर बंद हुआ।
अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड 0.06 प्रतिशत की गिरावट के साथ 68.48 डॉलर प्रति बैरल के भाव पर रहा। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) पूंजी बाजार में शुद्ध बिकवाल रहे। उन्होंने बृहस्पतिवार को शुद्ध रूप से 3,694.31 करोड़ रुपए के शेयर बेचे। (भाषा)
Edited By : Chetan Gour
लेखक के बारे में
वेबदुनिया न्यूज डेस्क
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।....
और पढ़ें