1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. PM Modi video message on rashtriya ekta diwas

एकता दिवस पर पीएम मोदी का वीडियो संदेश, भारत आत्मनिर्भरता के नए मिशन पर

PM Modi
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को राष्‍ट्रीय एकता दिवस पर इटली से वीडियो संदेश के जरिए देशवासियों को संबोधित किया। इस खास संदेश में उन्होंने कहा कि भारत आत्मनिर्भरता ने नए मिशन पर चल पड़ा है। 
 
उन्होंने कहा कि सरदार पटेल जी सिर्फ इतिहास में ही नहीं, बल्कि हम देश वासियों के हृदय में भी हैं। आज देशभर में एकता का संदेश लेकर आगे बढ़ रहे हमारे ऊर्जावान साथी, भारत की अखंडता के प्रति, अखंड भाव के प्रतीक हैं।
 
पीएम मोदी ने राष्ट्रीय एकता दिवस पर सभी देशवासियों को बहुत-बहुत शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि एक भारत-श्रेष्ठ भारत के लिए जीवन का हर पल जिसने समर्पित किया, ऐसे राष्ट्र नायक सरदार वल्लभभाई पटेल को आज देश अपनी श्रद्धांजलि दे रहा है।
 
उन्होंने कहा कि धरती के जिस भूभाग पर हम 130 करोड़ भारतीय रहते हैं, वह हमारी आत्मा, सपनों, आकांक्षाओं का अखंड हिस्सा है। सैकड़ों वर्षों से भारत के समाज, परंपराओं से लोकतंत्र की जो मजबूत बुनियाद विकसित हुई उसने एक भारत की भावना को समृद्ध किया है।
 
नरेंद्र मोदी ने कहा कि एक भारत श्रेष्ठ भारत की भावना को मजबूत करते हुए आज देश में सामाजिक, आर्थिक और संवैधानिक एकीकरण का महायज्ञ चल रहा है। जल, थल, नभ, अंतरिक्ष हर मोर्चे पर भारत का सामर्थ्य और संकल्प अभूतपूर्व है। अपने हितों की सुरक्षा के लिए भारत आत्मनिर्भरता के नए मिशन पर चल पड़ा है।

उन्होंने कहा कि सरदार साहब हमारे देश को एक शरीर के रूप में देखते थे, एक जीवंत इकाई के रूप में देखते थे। इसलिए, उनके 'एक भारत' का मतलब ये भी था, कि जिसमें हर किसी के लिए एक समान अवसर हों, एक समान सपने देखने का अधिकार हो।
अगला लेख
राहतभरी खबर, देश में कोरोना के 1.60 लाख से कम एक्टिव मरीज, 247 दिनों में सबसे कम...