TMC ने किया राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और आदिवासी परंपरा का घोर अपमान, दिल्ली में बोले PM मोदी
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि आज देश अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस मना रहा है, और कल पश्चिम बंगाल में टीएमसी सरकार ने देश की राष्ट्रपति आदरणीय श्रीमती द्रौपदी मुर्मूजी का घोर अपमान किया है। द्रौपदी मुर्मू जी संथाल आदिवासी परंपरा के एक बड़े उत्सव में शामिल होने के लिए बंगाल गई थीं, लेकिन राष्ट्रपति जी और आदिवासी समाज के उस पवित्र और महत्वपूर्ण कार्यक्रम का टीएमसी ने बहिष्कार किया। पीएम मोदी ने दिल्ली में 33,500 करोड़ रुपए के प्रोजेक्ट्स का शिलान्यास और लोकार्पण किया।
पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि पश्चिम बंगाल की प्रबुद्ध जनता टीएमसी को एक नारी के अपमान के लिए, एक आदिवासी के अपमान के लिए और देश के महामहिम राष्ट्रपति के अपमान के लिए कभी माफ नहीं करेगी। देश भी माफ नहीं करेगा, देश का आदिवासी समाज भी कभी माफ नहीं करेगा, देश की नारी शक्ति भी कभी माफ नहीं करेगी।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को दिल्ली मेट्रो के दो नये कॉरिडोर का उद्घाटन किया तथा तीन मेट्रो लाइन की आधारशिला रखी, जिससे राष्ट्रीय राजधानी के कई महत्वपूर्ण स्थानों को सीधी संपर्क सुविधा मिल सकेगी। मोदी ने केंद्र सरकार की जनरल पूल रेजिडेंशियल अकोमोडेशन (जीपीआरए) पुनर्विकास योजना के तहत भी 15,200 करोड़ रुपए की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया।
प्रधानमंत्री ने कहा कि दुनिया का कोई भी व्यक्ति जब भारत जैसे विशाल लोकतंत्र के बारे में सोचता है तो अक्सर उसके मन में दिल्ली की तस्वीर आती है। दिल्ली केवल भारत की राजधानी नहीं है, ये भारत की पहचान भी है, ये भारत की ऊर्जा का प्रतीक है। दिल्ली का विकास केवल एक शहर का विकास नहीं होता, यह पूरे देश की छवि से जुड़ा होता है।
राष्ट्रपति ने बताया छोटी बहन, ममता ने कहा- बीजेपी के एजेंटे में फंसी
शनिवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्म ने ममता बनर्जी को छोटी बहन बताते हुए खुद को बंगाल की बेटी का था। उन्होंने कहा था कि पता नहीं उनके कार्यक्रम में मुख्यमंत्री क्यों शामिल नहीं हुईं। क्यों नाराज हैं? राष्ट्रपति ने कार्यक्रम की जगह बदलने पर नाराजगी जताई थी। पश्चिम बंगाल मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के उत्तर बंगाल दौरे के दौरान उपजे विवाद और अपमान के आरोपों पर कड़ा पलटवार किया था। ममता बनर्जी ने राष्ट्रपति के बयान पर कहा था कि वह उनका सम्मान करती हैं लेकिन वे बीजेपी के एजेंडे में फंस गई है। उन्होंने आरोपों को भाजपा की राजनीतिक साजिश करार दिया था।
गृह मंत्रालय ने मांगी रिपोर्ट
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार केंद्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की अगवानी के लिए तय प्रोटोकॉल में हुई चूक, दार्जिलिंग जिले में इंटरनेशनल संथाल कॉन्फ्रेंस की जगह बदलने और दूसरे संबंधित इंतज़ामों के बारे में पश्चिम बंगाल के मुख्य सचिव से आज शाम 5 बजे तक एक डिटेल्ड रिपोर्ट मांगी है। Edited by : Sudhir Sharma
लेखक के बारे में
वेबदुनिया न्यूज डेस्क
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।....
और पढ़ें