ईरान-इजराइल जंग के कारण भारत का वर्ल्ड कप का सपना हुआ चकनाचूर
कुछ ही घंटों में भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी-20 वर्ल्ड कप का फाइनल होगा। इस बीच भारतीय बॉक्सिंग टीम के लिए बुरी खबर सामने आई। मिडिल ईस्ट में जारी सैन्य संघर्ष और तनाव ने भारत की जूनियर बॉक्सिंग टीम का वर्ल्ड कप खेलने का सपने को बिखेर दिया है।
टाइम्स ऑफ इंडिया की खबर के मुताबिक 10 सदस्यीय भारतीय जूनियर बॉक्सिंग टीम (5 लड़के और 5 लड़कियां) को मोंटेनेग्रो के बुडवा शहर में आयोजित यूथ वर्ल्ड कप 3 से11 मार्च में हिस्सा लेना था, लेकिन पश्चिम एशिया में बिगड़ते हालातों के कारण पैदा हुई लॉजिस्टिक समस्याओं की वजह से टीम को टूर्नामेंट से हटने पर मजबूर होना पड़ा।
भारत में मोंटेनेग्रो का दूतावास नहीं होने के कारण बॉक्सिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया ने यूएई (UAE) स्थित मोंटेनेग्रो एम्बेसी में वीजा के लिए आवेदन किया था। नियमों के अनुसार फिजिकल पासपोर्ट पर स्टैम्पिंग होना जरूरी था, इसलिए सभी खिलाड़ियों के पासपोर्ट 20 फरवरी को यूएई भेज दिए गए थे। मिडिल ईस्ट में अचानक बढ़े तनाव के कारण वहां से पासपोर्ट समय पर वापस भारत नहीं आ सके, जिससे टीम मोंटेनेग्रो के लिए उड़ान नहीं भर पाई। Edited by : Sudhir Sharma