हरदोई में पीएम मोदी ने दी गंगा एक्सप्रेस-वे की सौगात, बंगाल में बंपर वोटिंग पर क्या बोले?
PM Modi on Bengal Voting : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को उत्तर प्रदेश के हरदोई में 594 किलोमीटर लंबे गंगा एक्सप्रेस वे की सौगात दी। इस अवसर पर उन्होंने बंगाल में दूसरे चरण में हो रही बंपर वोटिंग को लेकर भी उत्साह जताया। उन्होंने कहा कि लोग भयमुक्त होकर वोट दे रहे हैं। बंगाल में अब तक जो नहीं हुआ, अब होगा। ALSO READ: बंगाल चुनाव के दूसरे चरण में जमकर बवाल, भाजपा प्रत्याशी पर हमला, बूथ के बाहर नकली EVM!
उन्होंने कहा कि आज लोकतंत्र के उत्सव का भी एक अहम दिन है। बंगाल में इस समय दूसरे चरण का मतदान हो रहा है और जो खबरें आ रही हैं, उससे पता चलता है कि बंगाल में भारी मतदान हो रहा है। पहले चरण की तरह ही जनता वोट देने के लिए बड़ी संख्या में घरों से निकल रही है, लंबी-लंबी कतारों की तस्वीरें सोशल मीडिया पर छाई हुई हैं।
पीएम मोदी ने कहा कि बंगाल में इस बार निर्भीक वातावरण में मतदान हो रहा है। लोग भयमुक्त होकर वोट दे रहे हैं। यह देश के संविधान और देश के मजबूत होते लोकतंत्र का पुण्य प्रतीक है। मैं बंगाल की जनता का आभार व्यक्त करता हूं कि वो अपने अधिकार के प्रति इतनी सजग है और बड़ी संख्या में मतदान कर रही है।
उन्होंने कहा कि मुझे विश्वास है कि इन पांच राज्यों के चुनाव में भी भाजपा ऐतिहासिक जीत की हैट्रिक लगाने जा रही है। 4 मई के नतीजे विकसित भारत के संकल्प को मजबूत करेंगे। देश के विकास की गति को नई ऊर्जा से भरेंगे।
LIVE: PM Shri @narendramodi inaugurates the Ganga Expressway in Hardoi. https://t.co/lqfK2I7IGZ
— BJP (@BJP4India) April 29, 2026
बंगाल और गुजरात में दर्ज की प्रचंड जीत
प्रधानमंत्री ने कहा कि कुछ समय पहले, जब बिहार में चुनाव हुए तो भाजपा-एनडीए ने प्रचंड जीत दर्ज की थी, एक इतिहास रच दिया था। अभी कल ही गुजरात में महानगर पालिका, नगर पालिका, जिला पंचायतें, नगर पंचायतें, तहसील पंचायत... इन सब के चुनाव के नतीजे आए हैं। 80 से 85 प्रतिशत नगरपालिका और पंचायत भाजपा ने जीत ली हैं।
यूपी के लोगों को एक्सप्रेस वे की बधाई
पीएम मोदी ने कहा कि मुझे खुशी है कि यूपी सरकार ने इस एक्सप्रेस-वे का नाम मां गंगा के नाम पर रखा है। इसमें विकास का हमारा विजन भी झलकता है और हमारी विरासत के भी दर्शन होते हैं। मैं यूपी के करोड़ों लोगों को गंगा एक्सप्रेस-वे की बधाई देता हूं। जैसे माँ गंगा हजारों वर्षों से यूपी की और इस देश की जीवन रेखा रही हैं, वैसे ही आधुनिक प्रगति के इस दौर में उनके समीप से गुजरता यह एक्सप्रेस-वे यूपी के विकास की नई लाइफलाइन बनेगा।
edited by : Nrapendra Gupta

