काशी विश्वनाथ में पीएम मोदी की विशेष पूजा, किसने दिया डमरू और त्रिशूल?
PM Modi KashiVishwanath Mandir : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वाराणसी दौरे के दूसरे दिन काशी विश्वनाथ मंदिर में विशेष पूजा की। इस दौरान प्रधानमंत्री को डमरू और त्रिशूल भी भेंट किया गया।
प्रधानमंत्री ने षोडशोपचार पद्धति से बाबा का अभिषेक किया। उन्होंने गंगाजल, हल्दी जल, अक्षत और दूध से बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक किया। उन्होंने महादेव को प्रिय मंदार की माला भी अर्पित की। अनुष्ठान के अंत में उन्होंने पंचदीप प्रज्वलित कर बाबा की आरती उतारी और मंदिर की प्रदक्षिणा कर लोक-कल्याण की कामना की।
पूजन संपन्न होने के बाद मंदिर परिसर में प्रधानमंत्री का भव्य स्वागत किया गया। मंदिर प्रशासन की ओर से उन्हें त्रिशूल और काशी विश्वनाथ मंदिर की एक सुंदर प्रतिकृति भेंट की गई। इसके साथ ही, उन्हें डमरू भी प्रदान किया गया और पारंपरिक पटका पहनाकर उनका विशेष अभिनंदन किया गया।
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर अपनी पोस्ट में कहा, हर हर महादेव ! काशी में बाबा विश्वनाथ मंदिर में दर्शन और पूजन का सौभाग्य मिला। यहां भगवान भोलेनाथ से समस्त देशवासियों के लिए सुख-समृद्धि और आरोग्यपूर्ण जीवन की कामना की। माँ अन्नपूर्णा एवं माँ गंगा के दर्शन से असीम शांति मिली। उनकी कृपा से हर किसी में सकारात्मक ऊर्जा का संचार हो! काशी की जनता को पुनः नमन।
इससे पहले पीएम मोदी ने बरेका (BLW) से काशी विश्वनाथ मंदिर तक 14 किलोमीटर लंबा रोड शो भी किया।
edited by : Nrapendra Gupta
लेखक के बारे में
वेबदुनिया न्यूज़ टीम
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।....
और पढ़ें