गुरुवार, 25 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. mansoon in Mumbai
Written By
Last Modified: बुधवार, 9 जून 2021 (11:46 IST)

मुंबई में मानसून ने दी दस्तक, अगले 3 दिनों तक भारी बारिश का अलर्ट

मुंबई में मानसून ने दी दस्तक, अगले 3 दिनों तक भारी बारिश का अलर्ट - mansoon in Mumbai
मुंबई। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने मुंबई में बुधवार को दक्षिण-पश्चिम मानसून के दस्तक देने की घोषणा की जिससे देश की वित्तीय राजधानी और उसके उपनगरों में सुबह भारी बारिश हुई। कुछ निचले इलाकों में जल भराव की खबरें हैं। हालांकि लोकल ट्रेन सेवाओं पर कोई असर नहीं पड़ा है जबकि बेस्ट की कुछ बसों का मार्ग परिवर्तित कर दिया गया है। मौसम विभाग ने मुंबई में अगले तीन दिन तक भारी बारिश का अनुमान जताया है।
 
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुंबई कार्यालय के प्रमुख डॉ. जयंत सरकार ने कहा ‍कि मुंबई में आज मानसून ने दस्तक दे दी है। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) ने कहा कि अरब सागर में दोपहर के आसपास चार मीटर से अधिक की ऊंची लहरें उठने की संभावना है। शहर के कई हिस्सों और उपनगरों में सुबह बादल गरजने के साथ ही भारी बारिश हुई।
 
आईएमडी के अनुसार, दक्षिण मुंबई का प्रतिनिधित्व करने वाली कोलाबा वेधशाला में पिछले 24 घंटों में 77.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई जबकि सांताक्रूज वेधशाला (उपनगरों) में 59.6 मिमी. बारिश दर्ज की गई। बीएमसी के अनुसार, शहर, पूर्वी उपगनरों और पश्चिमी उपनगरों में बुधवार को सुबह आठ बजे तक 24 घंटों की अवधि में क्रमश: 48.49 मिमी., 66.99 मिमी और 48.99 मिमी. बारिश दर्ज की गई।
 
बीएमसी के एक अधिकारी ने बताया कि सुबह 11 बजकर 43 मिनट पर 4.16 मीटर ऊंची लहरें उठने की संभावना है। आईएमडी ने मुंबई तथा उपनगरों में मध्यम बारिश के साथ आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान जताया है। कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है।
 
आईएमडी ने शनिवार को महाराष्ट्र में दक्षिण पश्चिम मानसून के दस्तक देने की पुष्टि की थी। मानसून तटीय रत्नागिरी जिले के हरनाई में पहुंचा था लेकिन अनुकूल परिस्थितियां होने के बावजूद मानसून धीमी गति से बढ़ता दिखाई दे रहा है।
ये भी पढ़ें
भोपाल हवाई अड्डे पर फोन कर दी विमान अपहरण की धमकी, एक व्यक्ति गिरफ्तार