Sat, 25 Jul 2026

Notifications

  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. राष्ट्रीय
  4. Khattar government helps dera

डेरे पर मेहरबान थी खट्टर सरकार, मिल रहे थे यह फायदे...

Khattar government
चंडीगढ़। बलात्कार के एक मामले में दोषी करार दिए गए डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह को इससे पहले हरियाणा की मनोहर लाल खट्टर सरकार से फायदा पहुंचाया जा रहा था।
 
तीन महीने पहले मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने राम रहीम सिंह की फिल्म 'जट्टू इंजीनियर' को छह महीने के लिए कर मुक्त करने की घोषणा की थी। खट्टर ने मई में करनाल में एक कार्यक्रम में फिल्म को कर मुक्त करने की घोषणा की थी।
 
राज्य के स्वास्थ्य एवं खेल मंत्री अनिल विज ने भी ग्रामीण खेलों का प्रचार करने के लिए विवेकाधीन फंड से डेरा को 50 लाख रुपए दिए थे।
 
सिरसा में डेरा द्वारा आयोजित एक खेल कार्यक्रम में विज ने कहा था कि डेरा सच्चा सौदा काफी समय पहले ही खेलों का प्रचार कर रहा है और अब भाजपा सरकार ओलंपिक खेलों की तैयारी के लिए सभी खेलों से संबंधित गतिविधियों का प्रचार करेगी।
 
विज ने कहा था, 'वह (राम रहीम) खेलों को बढ़ावा दे रहे हैं। चूंकि यहां स्कूल भी खेलों को भी बढ़ावा दे रहे हैं तो मैं अपने विवेकाधीन फंड से 50 लाख रुपए दान देना चाहुंगा।' हरियाणा के एक और मंत्री मनीष ग्रोवर ने भी डेरा खेल गांव को 11 लाख रुपए देने की घोषणा की थी।
 
गौरतलब है कि डेरा एकेडमी में खेले जाने वाले सभी खेलों को गुरमीत राम रहीम ने खुद ईजाद किया है और उन्हें राष्ट्रीय या अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नहीं खेला जाता है।
 
राज्य में वर्ष 2014 में विधानसभा चुनाव से पहले डेरा प्रमुख ने भाजपा को समर्थन दिया था। (भाषा) 
ये भी पढ़ें
डोकलाम विवाद के बीच चीन की नौसेना का लाइव फायर ड्रिल