• Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. iran release 5 indian sailors who onboard israel linked commercial ship
Last Updated : शुक्रवार, 10 मई 2024 (09:47 IST)

भारत को बड़ी सफलता, ईरान ने 5 भारतीयों को छोड़ा, इजराइल से संबद्ध जहाज से हुए थे गिरफ्‍तार

भारत को बड़ी सफलता, ईरान ने 5 भारतीयों को छोड़ा, इजराइल से संबद्ध जहाज से हुए थे गिरफ्‍तार - iran release 5 indian sailors who onboard israel linked commercial ship
नई दिल्ली। कतर के बाद भारत को गुरुवार को उस समय बड़ी सफलता मिली जब ईरान ने भी 5 भारतीय बंधकों समेत 7 लोगों को रिहा कर दिया। भारतीय दूतावास ने रिहाई के लिए ईरानी अधिकारियों को धन्यवाद दिया है। रिहा किए गए लोगों में एक फिलिपींस का और एक एस्टोनियाई नागरिक भी हैं। पुर्तगाल ने जहाज चालक दल के 7 सदस्यों की रिहाई का स्वागत किया है। 
 
उल्लेखनीय है कि ईरान के इस्लामिक रेवोल्यूशन गार्ड्स कॉर्प्स (आईआरजीसी) के सैन्य बलों ने 13 अप्रैल को पुर्तगाल के झंडे वाले एक कंटेनर जहाज को इजराइल से संबंध होने की वजह से जब्त किया था। इसमें 17 भारतीय भी सवार थे। जहाज को 12 अप्रैल को आखिरी बार दुबई के तट से दूर होर्मुज जलडमरूमध्य की ओर जाते हुए देखा गया था। ALSO READ: भड़क सकती है जंग की आग, ईरान ने जब्त किया मालवाहक जहाज, 17 भारतीय सवार
 
महिला कैडेट एन टेसा जोसेफ को 13 अप्रैल को ईरान की सेना द्वारा टैंकर को जब्त करने के कुछ दिनों बाद रिहा कर दिया गया था। ईरानी विदेश मंत्री ने कहा था कि भारतीय अधिकारियों को चालक दल से मिलने की इजाजत दी जाएगी। इस जहाज पर भारतीय क्रू मेंबर के साथ 4 फिलिपींस के नागरिक, 2 पाकिस्तानी, 1 रूसी और 1 एस्टोनियाई नागरिक शामिल थे।
 
14 अप्रैल को विदेश मंत्री एस जयशंकर ने अपने ईरानी समकक्ष होसैन अमीर-अब्दुल्लाहियन के साथ भारतीय क्रू मेंबर की रिहाई पर चर्चा की थी। जयशंकर ने इस मामले में ईरान से सहायता मांगी थी।
Edited by : Nrapendra Gupta