1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. india-weather-update-snowfall-cyclone-alert-imd-forecast

पहाड़ों पर बर्फबारी, मैदानी राज्यों में बढ़ी ठंड; दक्षिण में चक्रवात का खतरा

snowfall in jammu kashmir
Weather Update 14 November : उत्तर भारत के पहाड़ों पर शुरू हुई बर्फबारी और नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से देश के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। एक तरफ जहां पर्वतीय राज्यों में कड़ाके की ठंड शुरू हो गई है, वहीं बंगाल की खाड़ी में उठ रहे चक्रवाती तूफान ने दक्षिण भारत के कई राज्यों में भारी बारिश का खतरा पैदा कर दिया है। मैदानी इलाकों में तापमान गिरने से ठंड का असर तेजी से बढ़ने लगा है।
 
उत्तर भारत के पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी से मैदानी इलाकों में बढ़ी ठंड। जम्मू-कश्मीर में कठुआ की ऊपरी पहाड़ियों पर हुई ताजा बर्फबारी से पर्यटक खुश नजर आए। मौसम विभाग ने आज भी हिमाचल प्रदेश में बारिश-बर्फबारी का अलर्ट जारी किया है। उत्तराखंड के 7 जिलों में बारिश के आसार है।
 
भारत मौसम विज्ञान विभाग के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक, आने वाले एक सप्ताह में देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम के तीन बिल्कुल अलग रंग देखने को मिलेंगे। कहीं बर्फबारी होगी, कहीं झमाझम बारिश, तो कहीं ठंड और कोहरे का असर नजर आएगा।

15 नवंबर से एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित कर सकता है। इसके असर से जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश और बर्फबारी की संभावना है, जिससे पहाड़ों पर ठंड और बढ़ेगी। वहीं, 14 और 15 नवंबर को पश्चिमी राजस्थान में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और तेज़ हवाएं चल सकती हैं। उत्तर प्रदेश और बिहार में सुबह और रात के समय धुंध और हल्का कोहरा छाने लगेगा। दिल्ली में न्यूनतम तापमान 14 से 16 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने से ठिठुरन बढ़ सकती है।
 

16 नवंबर को चक्रवाती तूफान

दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक निम्न दबाव का क्षेत्र बन गया है। इसके 14 नवंबर को सुस्पष्ट निम्न दबाव क्षेत्र तथा 15 नवंबर को उसी क्षेत्र में अवदाब में परिवर्तित होने की संभावना है। इसके बाद, इसके उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने तथा 16 नवंबर की शाम तक मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर चक्रवाती तूफान में और अधिक तीव्र होने की संभावना है। इसके प्रभाव से 15 नवंबर को तमिलनाडु और पुडुचेरी में, जबकि 16 से 19 नवंबर के बीच केरल और माहे में व्यापक बारिश का अनुमान है। 18 और 19 नवंबर को तटीय आंध्र प्रदेश में भारी बारिश और अंडमान-निकोबार में तेज हवाओं के साथ बारिश जारी रहेगी। मध्य, पश्चिम और पूर्वोत्तर भारत में अगले एक हफ्ते मौसम मुख्य रूप से शुष्क और सामान्य बना रहेगा।
 
आईएमडी के मुताबिक अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में बारिश की गतिविधियां काफी अधिक रहने की उम्मीद है। यहां 14 से 19 नवंबर के बीच काफी बड़े इलाके में बारिश होने की संभावना है। 18 और 19 नवंबर को गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल और ओडिशा में कहीं-कहीं बारिश हो सकती है। 19 नवंबर को पश्चिम बंगाल में आंधी-तूफान के साथ 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है, जो कभी-कभी 50 किमी प्रति घंटे तक भी पहुंच सकती हैं। 18 और 19 नवंबर को ओडिशा में कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है।
 

मध्य प्रदेश के 20 शहरों में पारा 15 डिग्री से नीचे 

उत्तर भारत के पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी ने मध्य प्रदेश में ठंड बढ़ने का संकेत दे दिया है। प्रदेश में रातें लगातार सर्द हो रही हैं। भोपाल, इंदौर समेत 20 शहरों में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री से नीचे पहुंच गया है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले पांच दिनों में रात के तापमान में करीब दो डिग्री की और गिरावट आ सकती है। यानी नवंबर के दूसरे पखवाड़े में ठंड का असर और तेज होने वाला है।
 

यूपी में कैसा है मौसम का मिजाज

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में मौसम का मिजाज बदलने लगा है। यहां सुबह और रात के समय धुंध के साथ ठंड बढ़ गई है।  मुरादाबाद के कुछ हिस्सों में घना कोहरा छा गया है, जिससे कई इलाकों में दृश्यता कम हो गई है।
 
अगला लेख
रामलीला मैदान में दादाग‍िरी की तो खैर नहीं, दिल्ली पुलिस ने बनाया नियमों का नया ड्राफ्ट, जान लीजि‍ए क्‍या हैं नए न‍ियम