मध्य प्रदेश के खरगोन में 4.5 तीव्रता का भूकंप, दहशत में घरों से बाहर निकले लोग
Khargone Earthquake News: मध्य प्रदेश के खरगोन जिले में शनिवार सुबह अचानक धरती कांप उठी, जिससे लोगों में भारी दहशत फैल गई। सुबह करीब 9:15 बजे महसूस किए गए इन तेज झटकों के कारण लोग डर के मारे अपने घरों और बहुमंजिला इमारतों से बाहर निकलकर खुले आसमान के नीचे आ गए।
रिक्टर स्केल पर इस भूकंप की तीव्रता 4.5 मापी गई। भूकंप का केंद्र खरगोन जिले में होने की आशंका जताई गई है। खरगोन शहर की जैतापुर, गौरीधाम, हरमन होम्स और कमला नगर समेत करीब दो दर्जन कॉलोनियों में झटके महसूस किए गए। नर्मदा घाटी से जुड़े इलाकों में भी इसका असर बताया जा रहा है।
पांच सेकंड तक महसूस हुआ कंपन
शुरुआती जानकारी के अनुसार, महज 5 सेकंड तक चले इस कंपन ने लोगों को सहमा दिया। स्थानीय निवासियों के मुताबिक, झटका इतना जोरदार था कि घरों के भीतर रखा सामान भी हिलता हुआ साफ महसूस हुआ।
भूकंप से फिलहाल किसी भी तरह के जान या बड़े माल के नुकसान की कोई आधिकारिक सूचना सामने नहीं आई है। स्थानीय प्रशासन और आपदा प्रबंधन टीम स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

