1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. ghaziabad-vasundhara-police-chowki-blast

गाजियाबाद की वसुंधरा पुलिस चौकी में जोरदार धमाका: खिड़कियों के कांच टूटे, एक डिलीवरी बॉय घायल

bomb blast in ghaziabad police choki
दिल्ली से सटे उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद स्थित वसुंधरा पुलिस चौकी में शुक्रवार देर रात एक रहस्यमयी जोरदार धमाका हुआ। इस विस्फोट से पुलिस चौकी की खिड़कियों के शीशे टूट गए और अंदर रखा सामान क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत यह रही कि घटना के वक्त चौकी में ज्यादा पुलिसकर्मी मौजूद नहीं थे, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। इस धमाके में एक डिलीवरी बॉय घायल हुआ है, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
 

चौकी के अंदर बिखरा दिखा कांच

धमाके के बाद सामने आए पुलिस चौकी के अंदर के वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि विस्फ़ोट की तीव्रता इतनी थी कि चौकी की खिड़कियां पूरी तरह चकनाचूर हो गईं और फर्श पर चारों तरफ कांच के टुकड़े फैल गए। पुलिस और जांच एजेंसियां अब इस मामले की हर एंगल से गहनता से जांच कर रही हैं ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस साजिश के पीछे और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
 
घटना की गंभीरता को देखते हुए एडिशनल सीपी राज करण नायर, इंदिरापुरम के एसीपी सूर्यबली मौर्य और फॉरेंसिक टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर जायजा लिया और सबूत जुटाए।

क्या बोले अधिकारी?

इंदिरापुरम के एसीपी सूर्यबली मौर्य ने घटना के बारे में जानकारी देते हुए बताया, "विस्फोट किस चीज से हुआ और इसके पीछे की असली वजह क्या है, इसका खुलासा फॉरेंसिक जांच के बाद ही हो पाएगा। घटना के वक्त चौकी के अंदर एक सब-इंस्पेक्टर और एक डिलीवरी बॉय मौजूद था, जो वहां कोई सामान देने आया था। इस धमाके में कांच के टुकड़े लगने से डिलीवरी बॉय घायल हो गया है, जिसका इलाज चल रहा है।"

आतंकी संगठन 'तहरीक-उल-मुजाहिदीन' ने ली जिम्मेदारी

इस धमाके के बाद सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया है, क्योंकि आतंकी संगठन 'तहरीक-उल-मुजाहिदीन' ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है। 'गाजी 2' नामक एक एक्स (ट्विटर) अकाउंट से पोस्ट शेयर कर संगठन ने दावा किया है कि उन्होंने गाजियाबाद में "भगवा हुकूमत के खिलाफ कार्रवाई" करते हुए पुलिस को निशाना बनाया है।
 
संगठन ने अपनी धमकी में कहा है कि उन्हें अपने घर, मस्जिद, दीन और संस्कृति की रक्षा के लिए लड़ने का हक है और वे मौजूदा हुकूमत को नाजायज मानते हुए आगे भी अपनी लड़ाई जारी रखेंगे।
अगला लेख
'E20 बना 420... जनता की गाड़ी से हो रही पेट्रोल चोरी': राहुल गांधी का सरकार पर बड़ा हमला