1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. Chief Minister Arvind Kejriwal announced resignation

केजरीवाल देंगे इस्तीफा, दिल्ली में कब होंगे विधानसभा चुनाव?

Arvind kejriwal
Arvind kejriwal news : दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने रविवार को कहा कि वह दो दिन बाद अपने पद से इस्तीफा दे देंगे और दिल्ली में समय पूर्व चुनाव कराने की मांग करेंगे। केजरीवाल के इस्तीफे के ऐलान के बाद सवाल उठ रहे हैं कि दिल्ली में विधानसभा चुनाव कब होंगे? 
केजरीवाल ने आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि अगर आपको लगता है कि मैं ईमानदार हूं, तो मुझे बड़ी संख्या में वोट दें। मैं अब चुने जाने के बाद ही मुख्यमंत्री की कुर्सी पर बैठूंगा। चुनाव फरवरी में होने हैं। मेरी मांग है कि नवंबर में महाराष्ट्र चुनाव के साथ ही दिल्ली में चुनाव कराए जाएं। 
बहरहाल ऐसा माना जा रहा है कि चुनाव आयोग को दिल्ली में चुनाव की तैयारियों के लिए समय चाहिए। ऐसे में महाराष्ट्र के साथ दिल्ली में नवंबर में विधानसभा चुनाव संभव नहीं है। केजरीवाल के इस्तीफे के बाद विधानसभा भंग नहीं होगी और आम आदमी पार्टी से ही कोई नया चेहरा दिल्ली का मुख्‍यमंत्री बनेगा। आतिशी, सौरभ भारद्वाज, गोपाल राय मुख्‍यमंत्री पद की दौड़ में आगे चल रहे हैं। 
इससे पहले दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि वे 2 दिन बाद मुख्‍यमंत्री पद से इस्तीफा दे देंगे। उन्होंने कहा कि मैं आपकी अदालत में आया हूं। अगर आपको लगता है कि मैं ईमानदार हूं तो मुझे वोट देना, अगर आपको लगता है कि मैं बेईमान हूं तो मुझे वोट मत देना।
केजरीवाल ने कहा कि जब तक चुनाव नहीं होते कोई और नेता मुख्यमंत्री पद संभालेगा। मनीष सिसोदिया का भी ऐसा ही मानना है। हम दोनों जनता के बीच जाएंगे, अगर जनता कहेगी तो ही पद संभालेंगे। AAP विधायक दल की बैठक में नए मुख्यमंत्री के नाम का ऐलान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जब तक लोग उन्हें ईमानदारी का प्रमाण पत्र नहीं दे देते, तब तक वह मुख्यमंत्री की कुर्सी पर नहीं बैठेंगे।
आबकारी नीति से जुड़े कथित भ्रष्टाचार मामले में शुक्रवार को तिहाड़ जेल से जमानत पर रिहा हुए केजरीवाल ने कहा कि मैं मुख्यमंत्री की कुर्सी पर तभी बैठूंगा, जब लोग मुझे ईमानदारी का प्रमाण पत्र देंगे। जेल से बाहर आने के बाद अग्निपरीक्षा देना चाहता हूं। मैं मुख्यमंत्री और सिसोदिया उपमुख्यमंत्री तभी बनेंगे, जब लोग कहेंगे कि हम ईमानदार हैं।
Edited by : Nrapendra Gupta 
लेखक के बारे में
वेबदुनिया न्यूज डेस्क
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।.... और पढ़ें
अगला लेख
केजरीवाल के इस्तीफे पर भाजपा का सवाल, देश जानना चाहता है 48 घंटे का राज?