• Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. 14 Indian citizens missing in Russia, Congress questions Central Government
Last Modified: नई दिल्ली , शुक्रवार, 27 जून 2025 (20:43 IST)

रूस में 14 भारतीय नागरिक लापता, उत्तर प्रदेश से सर्वाधिक 9 लोग

Congress leader Amarinder Singh Raja Vading
14 Indians missing in Russia: कांग्रेस ने शुक्रवार को कहा कि भारत सरकार को रूस में ‘लापता’ 14 भारतीय नागरिकों का पता लगाने तथा उनकी सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने के लिए रूसी सरकार से बात करनी चाहिए। पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने यह सवाल भी किया कि क्या भारत सरकार रूस से पूछेगी कि बिना अनुमति के भारतीय नागरिकों को वहां की सेना में भर्ती क्यों किया गया?
 
एजेंट ने रूस भेज दिया : उन्होंने लापता लोगों में शामिल एक व्यक्ति के भाई और बहन के साथ संवददाता सम्मेलन को संबोधित किया। वडिंग ने कहा कि आज मेरे साथ जगदीप जी और खुशबू यादव जी हैं। ये पिछले डेढ़ साल से अपने भाई को ढूंढ रहे हैं, जो रूस में लापता हैं। दिसंबर, 2023 में 126 लोग अपने घर का चूल्हा जलाने के लिए एजेंट के माध्यम से विदेश गए थे। वे लोग सिंगापुर, मलेशिया और इटली जाना चाहते थे, लेकिन उनको मॉस्को भेज दिया गया।
लापता लोगों में सर्वाधिक यूपी के : उनका कहना था कि रूस में इन भारतीय नागरिकों को वहां की सेना में भर्ती कर दिया गया। उन्होंने बताया कि उन 126 लोगों में 14 लोग लापता हैं। करीब 100 लोग वापस आ गए हैं तथा कुछ लोग घायल हो गए। कांग्रेस नेता ने कहा कि इन लापता 14 लोगों में उत्तर प्रदेश के 9, पंजाब के 3 लोग हैं तथा महाराष्ट्र और जम्मू-कश्मीर से एक-एक व्यक्ति शामिल हैं। उन्होंने कहा कि हमारी मांग है कि विदेश मंत्रालय रूस की सरकार से बात करे ताकि इन लोगों का पता लगाया जा सके और उनकी वापसी हो सके। (एजेंसी/वेबदुनिया)
Edited by: Vrijendra Singh Jhala 
ये भी पढ़ें
नॉर्वे की राजकुमारी के बेटे के खिलाफ जांच हुई पूरी, पुलिस ने लगाए कई गंभीर आरोप