MP में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, सुखबीर सिंह बने CM के प्रमुख सचिव, कई जिलों के कलेक्टर बदले
मध्यप्रदेश में राज्य सरकार ने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए कई आईएएस अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया है। इस फेरबदल में मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव से लेकर विभिन्न विभागों के अपर मुख्य सचिव और कई जिलों के कलेक्टरों की नियुक्तियां की गई हैं। सुखबीर सिंह को मुख्यमंत्री का प्रमुख सचिव बनाया गया है। इसके साथ ही उन्हें लोक निर्माण विभाग (PWD) की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है। भारत यादव को जनसंपर्क विभाग का सचिव नियुक्त किया गया है।
राज्य सरकार के प्रशासनिक फेरबदल में सुखबीर सिंह को मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा वे लोक निर्माण विभाग का कामकाज भी संभालेंगे। आईएएस अधिकारी भारत यादव को जनसंपर्क विभाग का सचिव बनाया गया है। प्रशासनिक बदलाव के तहत वरिष्ठ आईएएस अधिकारी रश्मि अरुण शमी को चिकित्सा विभाग में अपर मुख्य सचिव (ACS) बनाया गया है। वहीं, केसी गुप्ता को खाद्य विभाग के अपर मुख्य सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
कलेक्टरों की नियुक्तियों में भी महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। बालाघाट के कलेक्टर कुमार सत्यम को हरदा जिले का नया कलेक्टर बनाया गया है। वहीं, रायसेन के कलेक्टर अरुण विश्वकर्मा को जबलपुर की जिम्मेदारी सौंपी गई है। जबलपुर के कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह को मंडी बोर्ड का प्रबंध संचालक (MD) नियुक्त किया गया है। इससे जबलपुर जिले की प्रशासनिक कमान अरुण विश्वकर्मा के हाथों में आ गई है।
शाजापुर की कलेक्टर ऋजु बाफना को पद से हटा दिया गया है। उनकी जगह आईडी के सीईओ परीक्षित झाड़े को शाजापुर का नया कलेक्टर बनाया गया है। प्रशासनिक फेरबदल के तहत आईएएस अधिकारी आशीष वसिष्ठ को नर्मदापुरम जिले का नया कलेक्टर बनाया गया है। वहीं, ईसीबी के डायरेक्टर अंकित अस्थाना को सिंगरौली जिले की जिम्मेदारी सौंपी गई है। अंकिता धाकरे को नीमच का नया कलेक्टर नियुक्त किया गया है। राज्य सरकार के इस फैसले के बाद प्रदेश के कई जिलों और महत्वपूर्ण विभागों में प्रशासनिक नेतृत्व बदल गया है।

