गर्भवती पत्रकार ने राहुल गांधी पर लगाए गंभीर आरोप, मेरा हाथ पकड़ा, मुझे धक्का दिया
कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर पत्रकार ऋचा पराशर ने धक्का-मुक्की करने का आरोप लगाया है। पत्रकार का दावा है कि 12 अक्टूबर को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ INDIA गठबंधन के विरोध प्रदर्शन की कवरेज के दौरान राहुल गांधी ने उनका हाथ पकड़कर उन्हें आगे खींचा। इसके बाद उनके सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें धक्का दिया, जिससे वे सुप्रीम कोर्ट की सीढ़ियों से गिर गईं। ऋचा पराशर ने खुद को 3 महीने की गर्भवती भी बताया है।
अस्पताल के बिस्तर से रिकॉर्ड किए गए एक वीडियो में पत्रकार ने घटना के बारे में अपनी बात रखी। वीडियो में उनके आसपास भाजपा के नेता नजर आ रहे हैं। ऋचा के अनुसार वे प्रदर्शन की कवरेज कर रही थीं और उन्होंने अपना माइक आगे बढ़ाया था। उनका कहना है कि जब उन्होंने देखा कि दूसरे मीडिया संस्थानों के माइक भी पीछे किए जा रहे हैं तो उन्होंने भी अपना माइक आगे किया।
पत्रकार ने आरोप लगाया कि इसी दौरान राहुल गांधी आगे आए, उनका हाथ पकड़ा और उन्हें अपनी ओर खींचा। इसके बाद राहुल गांधी के सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें धक्का दिया। ऋचा का दावा है कि वे सुप्रीम कोर्ट की सीढ़ियों से नीचे गिर गईं और उनका चेहरा जमीन से टकराया।
मैंने नहीं पूछा था सवाल
ऋचा पराशर ने अपने एक पहले के इंस्टाग्राम वीडियो में भी घटना का जिक्र किया था। उन्होंने राहुल गांधी से कोई सवाल नहीं पूछा था और न ही उनसे कुछ कहा था। उनका दावा है कि सीढ़ियों से गिरने के दौरान उनका कैमरामैन भी उनके ऊपर गिर गया और उसके बाद चार अन्य लोग भी उन पर गिर पड़े। ऋचा ने कहा कि वह पेट के बल गिरीं। उन्होंने हाथ और घुटनों में चोट लगने तथा मोबाइल फोन टूटने का भी दावा किया।
कांग्रेस के महिला सुरक्षा पर रुख को लेकर उठाए सवाल
पत्रकार ने आरोप लगाया कि घटना के बाद राहुल गांधी के समर्थकों ने उनकी मदद करने के बजाय उन पर चिल्लाना शुरू कर दिया। उन्होंने कांग्रेस के महिला सुरक्षा को लेकर रुख पर सवाल उठाए और मीडिया संस्थानों से घटना के समय की अपनी वीडियो फुटेज जारी करने की अपील की। यह घटना 12 अक्टूबर को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्ष के प्रदर्शन के दौरान हुई बताई गई है। प्रदर्शन में विपक्षी दलों ने विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और कथित चुनावी अनियमितताओं को लेकर भी विरोध जताया था।
विपक्ष और कांग्रेस की क्या है प्रतिक्रिया?
कांग्रेस ने इन आरोपों को झूठा और बीजेपी की ओर से फैलाया गया प्रोपेगैंडा बताया है। कांग्रेस नेता अलका लांबा ने एक्स (ट्विटर) पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि बीजेपी अपनी विफलता और विरोध प्रदर्शन से ध्यान भटकाने के लिए झूठा प्रोपेगैंडा रच रही है। कांग्रेस समर्थकों और नेताओं का कहना है कि सुप्रीम कोर्ट के बाहर भारी भीड़ और पुलिसकर्मियों की धक्का-मुक्की के दौरान धक्का लगा होगा। राहुल गांधी ने व्यक्तिगत रूप से किसी को धक्का नहीं मारा है और बीजेपी इस घटना को राजनीतिक मोड़ देने की कोशिश कर रही है।
क्या शिवकुमार को भी मारा धक्का
कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने मंगलवार को इस दावे को खारिज कर दिया कि 12 अक्टूबर को नयी दिल्ली में विपक्ष के विरोध मार्च के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने उन्हें धक्का देकर पीछे कर दिया। शिवकुमार की यह प्रतिक्रिया सोशल मीडिया पर वायरल उस वीडियो क्लिप को लेकर कांग्रेस और भाजपा के बीच छिड़ी जुबानी जंग के बीच आयी है, जिसमें मार्च के दौरान राहुल के साथ चलने की कोशिश कर रहे कर्नाटक के मुख्यमंत्री को भीड़ के बीच धक्का देकर पीछे करते दिखाया गया है।

