1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. मध्यप्रदेश
  4. Congress protests against the Election Commission in Bhopal.

भोपाल में चुनाव आयोग का घेराव करने जा रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर वॉटर कैनन का इस्तेमाल, हेमंत कटारे समेत कई कार्यकर्ता घायल

Congress protests against the Election Commission in Bhopal; Congress holds a march in Bhopal; water cannons used on Congress workers in Bhopal
भोपाल। चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर एक मीडिया रिपोर्ट के बाद कांग्रेस आक्रमक है। राजधानी भोपाल में चुनाव आयोग के खिलाफ कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदेश कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी, पीसीसी चीफ जीतू पटवारी और नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और विधायक प्रदर्शन में शामिल हुए। कांग्रेस नेताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कांग्रेस कार्यालय से पैदल मार्च निकाला।
 
चुनाव आयोग के घेराव से पहले पीसीसी पर आयोजित सभा में कांग्रेस नेताओं ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर अपना विरोध दर्ज कराया। इस दौरान पूर्व मंत्री कांतिलाल भूरिया ने मुख्य चुनाव आय़ुक्त और पीएम मोदी के खिलाफ अमर्यादित टिप्पणी की। वहीं प्रदर्शन के दौरान पीसीसी चीफ जीतू पटवारी और नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार हाथों में हथकड़ी लगाकर पैदल मार्च में पहुंचे। इस दौरान एक कांग्रेस कार्यकर्ता जो सीईसी का मुखौटा पहने हुए थे उससे जंजीरों से जकरड़े हुए जीतू पटवारी और उमंग सिंघार दिखाई दिए। कांग्रेस नेताओं ने इस प्रतीकात्मक तरीके के जरिए चुनाव आयोग के खिलाफ अपना विरोध जताया।
 
पैदल मार्च जैसे ही व्यापमं चौराहे की ओर बढ़ा, पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को आगे जाने से रोकने के लिए बैरिकेड्स लगा दिए। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बैरिकेड्स पार करने का प्रयास किया। इसी दौरान स्थिति तनावपूर्ण हो गई और पुलिस तथा प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी धक्का-मुक्की शुरू हो गई। कांग्रेस के उपनेता प्रतिपक्ष और विधायक हेमंत कटारे तथा विधायक महेश परमार सहित कई कार्यकर्ता बैरिकेड्स पर चढ़ गए। प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच हुई झड़प के दौरान अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोकने का प्रयास किया, जबकि कांग्रेस कार्यकर्ता बैरिकेड्स पार करने की कोशिश करते रहे।
 
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर वॉटर कैनन का इस्तेमाल किया। पानी की तेज बौछार के चलते प्रदर्शन स्थल पर मौजूद कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। इस दौरान कांग्रेस के उपनेता प्रतिपक्ष एवं विधायक हेमंत कटारे समेत पांच कार्यकर्ता घायल हो गए। 
 
कांग्रेस नेताओं ने प्रदर्शन के दौरान चुनाव आयोग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग दोहराई। पार्टी नेताओं का कहना है कि चुनाव प्रक्रिया और चुनाव आयोग की भूमिका को लेकर उनके मन में गंभीर सवाल हैं, जिन्हें लेकर वे लगातार आवाज उठा रहे हैं।
 
वहींपुलिस ने प्रदर्शनकारियों को निर्धारित सीमा से आगे जाने से रोकने के लिए बैरिकेडिंग की थी। प्रदर्शन के दौरान स्थिति बिगड़ने पर पुलिस को बल प्रयोग और वॉटर कैनन का सहारा लेना पड़ा।
 
लेखक के बारे में
भोपाल ब्यूरो
वेबदुनिया भोपाल ब्यूरो मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के साथ प्रदेश के विभिन्न जिलों की महत्वपूर्ण खबरों के प्रकाशन का प्रमुख केंद्र है। भोपाल ब्यूरो से प्रदेश की सियासत, अपराध, व्यापार, खेल,  धर्म-संस्कृति और सामाजिक सरोकारों से जुड़ी खबरें सटीकता और निष्पक्षता के साथ प्रकाशित की जाती हैं।.... और पढ़ें
अगला लेख
Weather Update : पहाड़ों पर बर्फबारी से बढ़ी ठंड, IMD इन राज्यों में बारिश का अलर्ट