बिहार के मधेपुरा संसदीय क्षेत्र से इस बार राजद के निवर्तमान बाहुबली सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव के चुनाव नहीं लड़ने के कारण वहाँ से एक बार फिर अपना भाग्य आजमा रहे जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष शरद यादव के लिए जीत का लक्ष्य आसान नजर आ रहा है।
माकपा विधायक अजित सरकार हत्या मामले में निचली अदालत द्वारा आजीवन कारावास की सजा सुनाए जाने के बाद इस मामले में जमानत पर रिहा पप्पू यादव ने पटना उच्च न्यायालय में चुनाव लड़ने की अनुमति दिए जाने के संबंध में एक याचिका दायर की थी, जिसे न्यायालय द्वारा खारिज कर दिए जाने के बाद पप्पू इस बार लोकसभा चुनाव नहीं लड़ रहे हैं।
जदयू अध्यक्ष शरद यादव ने वर्ष 1999 के चुनाव में अपने घोर विरोधी राजद प्रमुख लालू प्रसाद को पराजित किया था, लेकिन वर्ष 2004 के चुनाव में वे उनके हाथों पराजित हो गए थे।
लालू प्रसाद ने वर्ष 2004 के चुनाव में मधेपुरा के साथ छपरा संसदीय सीट से भी चुनाव लड़ा था। बाद में उन्होंने मधेपुरा सीट पप्पू यादव के लिए छोड़ दी थी और उसी वर्ष इस सीट के लिए हुए उपचुनाव में पप्पू ने जदयू प्रत्याशी आरपी यादव को हराया था। लोकसभा पहुँचे पप्पू इसी दौरान अजित सरकार हत्या मामले में जेल चले गए, जिससे लंबे समय तक इस क्षेत्र की जनता अपने सांसद को देखने से वंचित रही।
लेखक के बारे में
भाषा
भाषा हिन्दी समाचार एजेंसी है, जो कि वेबदुनिया को अनुबंध के तहत देश-विदेश की खबरें उपलब्ध करवाती है।.... और पढ़ें