1. खबर-संसार
  2. »
  3. चुनाव 2009
  4. »
  5. लोकसभा चुनाव

वामपंथी दलों पर बरसीं सोनिया

भाजपा
भाजपा और वामदलों को आड़े हाथ लेते हुए कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गाँधी ने बुधवार को कहा कि यह शर्मनाक है कि दोनों दलों ने सामूहिक तौर पर प्रधानमंत्री मनमोहनसिंह पर निशाना साधा।

उन्होंने भाजपा नेता लालकृष्ण आडवाणी पर भी निशाना साधा और बतौर गृहमंत्री उनके कार्यकाल के दौरान आतंकवाद से निपटने के तरीके पर सवाल उठाया।

केरल के अपने तूफानी दौरे में कई सभाओं को संबोधित करते हुए सोनिया ने कहा कि भाजपा और वाम दल खराब और नकारात्मक भाषा का इस्तेमाल करके वैयक्तिक तौर पर प्रधानमंत्री पर निशाना साध रहे हैं। उन्होंने आतंकवाद का मुद्दा उठाया क्योंकि उनके पास संप्रग की आलोचना के लिए कुछ भी नहीं है।

उन्होंने कहा कि मैं आपको याद दिलाना चाहती हूँ विशेष तौर पर आडवाणीजी को कि जब आप देश के गृहमंत्री थे तो देश में कई आतंकवादी हमले हुए थे।

सोनिया ने कहा कि यह शर्मनाक है कि भाजपा सरकार ने आतंकवादियों को जेल से रिहा किया और उन्हें अपने साथ धूमधाम से कंधार ले गए। ये ही वे आतंकवादी थे, जो लौटे और देश में हमलों में शामिल हुए।

उन्होंने उत्तर और मध्य केरल में सभाओं को संबोधित करते हुए कहा खराब तथा नकारात्मक भाषा का इस्तेमाल करते हुए प्रधानमंत्री मनमोहनसिंह पर हमला बोलना भाजपा तथा वाम दलों के लिए शर्म की बात है।

सोनिया गाँधी ने कहा कि मनमोहनसिंह ऐसे व्यक्ति हैं जिनमें एकता दूरदर्शिता और कार्य कुशलता है। सोनिया ने कहा कि वर्तमान सरकार के कार्यक्रमों और नीतियों को लागू करने के लिए उन्हें पद पर रहना चाहिए। उन्होंने कहा उनके जैसा प्रधानमंत्री होना हमारे लिए सौभाग्य की बात है।

कोट्टायम में एक सभा में सोनिया ने कहा कि संप्रग सरकार ने मुंबई हमलों के बाद आतंकवाद को खत्म करने के लिए पाकिस्तान पर प्रभावी कूटनीतिक दबाव बनाया था। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि केवल उनकी पार्टी आतंकवाद से लड़ सकती है।

उन्होंने कहा कि सीमा पर निगरानी के अलावा हमने आतंकवाद खत्म करने के लिए पाकिस्तान पर कूटनीतिक दबाव बनाया।

सोनिया ने कहा कि मुंबई हमलों के बाद भारत ने सीमा पर सेना नहीं भेजी बल्कि पाकिस्तान पर कूटनीतिक दबाव बनाया। वह अप्रत्यक्ष तौर पर 2001 में संसद पर हुए आतंकी हमले के बाद राजग शासन के दौरान भारत-पाक सीमा पर सैनिकों की तैनाती की ओर इशारा कर रही थीं।

उन्होंने कहा कि ऐसा (कूटनीतिक दबाव) पहले कभी नहीं किया गया। स्पष्ट तौर पर यह प्रधानमंत्री मनमोहनसिंह नीत सरकार के दबाव के बाद हुआ था। सोनिया के मुताबिक केवल कांग्रेस ही आतंकवाद को खत्म कर सकती है।
लेखक के बारे में
भाषा
भाषा हिन्दी समाचार एजेंसी है, जो कि वेबदुनिया को अनुबंध के तहत देश-विदेश की खबरें उपलब्ध करवाती है।.... और पढ़ें