T20 World Cup: जिम्बाब्वे सुपर आठ में पहुंचा, ऑस्ट्रेलिया टूर्नामेंट से बाहर
टी20 विश्व कप में बड़ा उलटफेर देखने को मिला, जहां जिम्बाब्वे ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सुपर आठ में जगह बना ली, जबकि मजबूत मानी जा रही ऑस्ट्रेलिया टीम टूर्नामेंट से बाहर हो गई। इस नतीजे ने क्रिकेट फैंस को चौंका दिया और टूर्नामेंट की तस्वीर पूरी तरह बदल दी है।
जिम्बाब्वे ने आयरलैंड के खिलाफ टी-20 विश्व कप ग्रुप बी का मैच बारिश में धुलने के बाद सुपर आठ में प्रवेश कर लिया जबकि पूर्व चैम्पियन आस्ट्रेलिया और आयरलैंड टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। दोनों टीमों को एक एक अंक मिला जिससे जिम्बाब्वे के पांच अंक हो गए। अब 26 फरवरी को पहले सुपर आठ मुकाबले में चेन्नई में जिम्बाब्वे का सामना भारत से होगा।
पूर्व चैम्पियन टीम को जिम्बाब्वे के दोनों मैच हारने के बाद ही सुपर आठ में जगह मिलनी थी लेकिन बारिश ने उसके इरादों पर पानी फेर दिया। जिम्बाब्वे सुपर आठ में पहुंचने वाली सातवीं टीम बन गई। ग्रुप वन में भारत, दक्षिण अफ्रीका और वेस्टइंडीज भी सुपर आठ में पहुंच गए हैं। जिम्बाब्वे को आखिरी ग्रुप मैच 19 फरवरी को श्रीलंका से खेलना है। श्रीलंका छह अंक लेकर पहले ही सुपर आठ में पहुंच चुका है। ऑस्ट्रेलिया के दो अंक है जिसे जिम्बाब्वे और श्रीलंका ने हराया।Edited by : Sudhir Sharma