मैच से पहले टीम इंडिया की टेंशन बढ़ी, अभिषेक शर्मा अस्पताल में भर्ती, जानें कौन होगा रिप्लेसमेंट
भारतीय क्रिकेट टीम के युवा स्टार बल्लेबाज अभिषेक शर्मा (Abhishek Sharma) को पेट में Infection के कारण दिल्ली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी तबीयत बिगड़ने से टीम प्रबंधन की चिंता बढ़ गई है, क्योंकि आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत का अगला मुकाबला नामीबिया से होना है।रिपोर्ट्स के मुताबिक, अभिषेक की तबीयत अमेरिका के खिलाफ खेले गए पिछले मैच से पहले ही ठीक नहीं थी। मैच के बाद उनकी हालत और खराब हो गई। उन्हें तेज बुखार था और डॉक्टरों ने तुरंत राहत के लिए ड्रिप भी लगाई।
इसी वजह से वह दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में टीम के Practice Session में भी शामिल नहीं हो सके। अमेरिका के खिलाफ मैच में वह गोल्डन डक पर आउट हो गए थे और भारत की गेंदबाजी के दौरान मैदान पर भी नहीं उतरे थे। उनकी जगह संजू सैमसन (Sanju Samson) ने फील्डिंग की थी।
बीसीसीआई के एक सोर्स ने बताया कि अभिषेक की हालत की जांच के लिए कुछ मेडिकल टेस्ट किए जा रहे हैं। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि उन्हें अस्पताल से कब छुट्टी मिलेगी। नामीबिया के खिलाफ उनका खेलना संदिग्ध माना जा रहा है।
टीम के सहायक कोच रयान टेन डोएशेट ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि अभिषेक को अभी भी पेट से जुड़ी कुछ दिक्कतें हैं, लेकिन टीम को उम्मीद है कि वह जल्द फिट हो जाएंगे। वहीं उन्होंने यह भी जानकारी दी कि वॉशिंगटन सुंदर टीम से जुड़ चुके हैं और जसप्रीत बुमराह 10 दिन के ब्रेक के बाद फिर से गेंदबाजी कर रहे हैं और पहले से बेहतर महसूस कर रहे हैं।
अगर अभिषेक नामीबिया के खिलाफ मैच नहीं खेल पाते हैं, तो संजू सैमसन को मौका मिल सकता है। ऐसे में सैमसन, ईशान किशन के साथ पारी की शुरुआत कर सकते हैं।
अभिषेक शर्मा पिछले कुछ समय से शानदार फॉर्म में चल रहे हैं। उन्होंने टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में बेहतरीन प्रदर्शन किया है और टीम के लिए अहम खिलाड़ी बन चुके हैं। ऐसे में उनकी फिटनेस पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं, खासकर पाकिस्तान के खिलाफ होने वाले बड़े मुकाबले से पहले।