1. खेल-संसार
  2. क्रिकेट
  3. समाचार
  4. Shubhman Gill opens up on going for a draw an hour earlier

15 ओवर या 1 घंटा पहले ही ड्रॉ पर सहमत होने के थे यह दो मुख्य कारण

Wellington
वेलिंगटन टेस्ट के अंतिम सत्र में शुभमन गिल कुछ देर के लिए ड्रेसिंग रुम में गए और कोच गौतम गंभीर समेत गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्कल के साथ कुछ समय बिताया। 15 मिनट बाद जब वह आए तो मैच में भी सिर्फ 15 मिनट ही बाकी थे। ध्रुव जुरेल का ओवर खत्म होने के बाद उन्होंने डैरिल मिचेल और ग्लेन फिलिप्स से हाथ मिलाकर टेस्ट ड्रॉ करने की पेशकश की।

भारत ने न्यूजीलैंड के 368 रन के जवाब में अपनी पारी नौ विकेट पर 720 रन बनाकर समाप्त घोषित की और पहली पारी के आधार पर 352 रन की बढ़त बनाई। न्यूजीलैंड ने अपनी दूसरी पारी में पांच विकेट पर 239 रन बनाए जिससे बाद मैच ड्रॉ समाप्त घोषित किया गया।  

3 दिन बाद अगला टेस्ट, गेंदबाजों को आराम देना चाहते थे गिल

गिल से जब निर्धारित समय से एक घंटे पहले मैच को ड्रॉ करने पर सहमत होने के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, ‘‘अगर पिच से कुछ मदद मिल रही होती तो शायद स्थिति भिन्न होती।’’

गिल ने कहा कि लंबे समय तक गेंदबाजी करने के बाद उनके तेज गेंदबाज थकने लगे थे।उन्होंने कहा, ‘‘हमारे तेज गेंदबाज थक चुके थे। उन्होंने मैच में लगभग 50 ओवर फेंके थे। इसके अलावा हमने इस पर भी गौर किया कि अगला मैच तीन दिन बाद है और हमें यात्रा भी करनी है। इसलिए हम अपने सभी गेंदबाजों को तरोताजा रखना चाहते थे। मुझे नहीं लगता कि पांच से दस ओवर और फेंकने से कोई खास फायदा होता।’’

गिल ने कहा कि सपाट पिच पर 10 विकेट लेना आसान नहीं था लेकिन इसके बावजूद उनकी टीम ने अच्छा प्रदर्शन किया।उन्होंने कहा, ‘‘हम जानते थे कि इस पिच पर 10 विकेट लेना एक चुनौती होगी। लेकिन हमें मौके मिले। इसलिए, मुझे लगता है कि हमने अच्छा प्रदर्शन किया।‘
स्लो ओवर रेट का सिरदर्द

दूसरे सत्र में जब न्यूजीलैंड का स्कोर 200 पार हुआ तो फिलिप्स और मिचेल ने 7 ओवर तक कोई रन नहीं लिया। ऐसे में तीसरे सत्र में एक छोर से सिर्फ वॉशिंगटन सुंदर को गेंदबाजी करने को बोला। यही नहीं मैच के अंत में यशस्वी जायसवाल और ध्रुव जुरेल ने भी गेंदबाजी की।

इसका कारण था भारत की स्लो ओवर रेट। भारत ने पहले दिन ही 82 ओवर कराए थे जो निर्धारित 90 ओवरों से 8 ओवर कम थे। ऐसा ही दूसरे दिन और चौथे दिन हुआ। न्यूजीलैंड का ओवर रेट भी खराब था लेकिन उन्होंने फिलिप और राचिन से अंत में गेंदबाजी कर नुकसान की भरपाई कर ली थी। अगर भारतीय टीम 15 ओवर तक लगातार स्पिन गेंदबाजी करती और निर्धारित समय तक ओवर पूरे नहीं होते तो भारत के 2 से 4 विश्व टेस्ट चैंपियनशिप अंक कट सकते थे।

अश्विन ने की आलोचना

भारत के पूर्व स्पिनर आर अश्विन ने कहा कि भारतीय टीम को आखिरी 15 ओवर फेंककर नतीजा निकालने की कोशिश करनी चाहिये थे।उन्होंने कहा ,‘‘ बाकी 15 ओवर भी फेंके जाने चाहिये थे । पांच विकेट लेने थे और इसके लिये कोशिश करनी चाहिये थी। कुछ भी हो सकता था। जीत की तत्परता दिखानी चाहिये थी।’’
लेखक के बारे में
वेबदुनिया स्पोर्ट्स टीम
वेबदुनिया स्पोर्ट्स टीम खेलों की दुनिया से जुड़ी हर खबर को विस्तार से पेश करती है। क्रिकेट, फुटबॉल, कबड्डी या अन्य खेलों पर आधारित लेख और न्यूज़ से लेकर महत्वपूर्ण मैचों की अपडेट्स और खेल जगत की खास घटनाएं, यह टीम पाठकों को पूरी जानकारी प्रदान करती है। स्पोर्ट्स टीम.... और पढ़ें
अगला लेख
सौरव गांगुली ने काम चलाऊ स्पिनर चलाने पर की भारतीय टेस्ट टीम की आलोचना