1. खेल-संसार
  2. क्रिकेट
  3. समाचार
  4. Sanju Samson smacks eighty two as India reaches two hundred forty nine

संजू सैमसन की विस्फोटक पारी की बदौलत भारत वेस्टइंडीज के खिलाफ पहुंचा 249 रनों पर

Sanju Samson
INDvsWIसंजू सैमसन 82 रन की आक्रामक पारी के साथ फॉर्म में लौटे और उनके साथ श्रेयस अय्यर तथा तिलक वर्मा की उपयोगी पारियों के दम पर भारत ने वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे टी20 मैच में पांच विकेट पर 249 रन बनाये । वेस्टइंडीज के खिलाफ भारत का यह सर्वोच्च टी20 स्कोर है। इससे पहले वेस्टइंडीज के खिलाफ टी20 क्रिकेट में सर्वोच्च स्कोर चार विकेट पर 244 रन था जो 2016 में बना था।

पिछले चार मैचों में खराब प्रदर्शन के बाद सैमसन ने 21 गेंदों में अपना नौवां टी20 अर्धशतक जमाया । उन्होंने ईशान किशन (22 गेंदों में 43 रन) के साथ 97 रन की साझेदारी की । दोनों ने 11 ओवर के बाद 12 की रनरेट से भारत को एक विकेट पर 139 रन तक पहुंचाया। अपने घरेलू मैदान पर खेल रहे ईशान ने अपनी पारी में छह चौके और दो छक्के लगाये।

आफ स्पिनर रोस्टन चेस ने इस साझेदारी को तोड़ा और लगातार दो विकेट लिये।ईशान और शिवम दुबे (सात) दोनों बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में बोल्ड हुए। दुबे को चौथे नंबर पर भेजने का फैसला गलत साबित हुआ और वह दस गेंद खेलकर विकेट गंवा बैठे।  सैमसन 15वें ओवर में आउट हुए और शतक से 18 रन से चूक गए । स्प्रिंगर की गेंद पर उन्होंने डीप बैकवर्ड प्वाइंट पर कामिल पूरन को कैच दिया।

भारत ने बीच के ओवरों में 23 रन के भीतर तीन विकेट गंवाये। लखनऊ में पिछले मैच में अपना पहला टी20 शतक लगाने वाले कप्तान श्रेयस ने उस लय को कायम रखते हुए 18 गेंद में 40 रन बनाये जबकि तिलक ने 18 गेंद में 44 रन की पारी खेली।
तिलक के टी20 क्रिकेट में 5000 रन भी पूरे हो गए। श्रेयस और तिलक ने 83 रन की साझेदारी 32 गेंद में पूरी की।
भारत ने पहले बल्लेबाजी के लिये भेजे जाने पर तेज शुरूआत की। अभिषेक शर्मा ने स्पिनर अकील हुसैन को एक छक्का लगाया जबकि सैमसन को क्रीज पर जमने में समय लगा। उन्हें छह रन के स्कोर पर जीवनदान भी मिला जब हुसैन की गेंद पर कवर में पूरन ने उनका कैच छोड़ा।

सैमसन ने इसका पूरा फायदा उठाकर हुसैन को तीन छक्के और दो चौके जड़े। अभिषेक 12 गेंद में 20 रन बनाकर आउट हए । 
लेखक के बारे में
वेबदुनिया स्पोर्ट्स टीम
वेबदुनिया स्पोर्ट्स टीम खेलों की दुनिया से जुड़ी हर खबर को विस्तार से पेश करती है। क्रिकेट, फुटबॉल, कबड्डी या अन्य खेलों पर आधारित लेख और न्यूज़ से लेकर महत्वपूर्ण मैचों की अपडेट्स और खेल जगत की खास घटनाएं, यह टीम पाठकों को पूरी जानकारी प्रदान करती है। स्पोर्ट्स टीम.... और पढ़ें
अगला लेख
विश्व चैंपियन द.अफ्रीका ने टेस्ट के पहले ही दिन ऑस्ट्रेलिया पर कसा शिकंजा