मंगलवार, 17 मार्च 2026
  1. खेल-संसार
  2. क्रिकेट
  3. समाचार
  4. Pakistan former cricketers slam dismal outing against India
Written By WD Sports Desk
Last Updated : सोमवार, 16 फ़रवरी 2026 (17:03 IST)

फर्जी किंग, बाबर आजम और पाक टीम पर बिफरे अख्तर समेत पूर्व पाक क्रिकेटर्स

Pakistan Cricket Team
पाकिस्तान की टी20 विश्व कप के मैच में चिर प्रतिद्वंद्वी भारत से 61 रन की हार के बाद स्टार बल्लेबाज बाबर आजम आलोचनाओं के घेरे में आ गए हैं तथा देश के कई पूर्व खिलाड़ियों ने कुछ अन्य सीनियर खिलाड़ियों के साथ-साथ उन्हें भी टीम से बाहर करने की मांग की है।

पूर्व कप्तान बाबर, शादाब खान और तेज गेंदबाज शाहीन शाह अफरीदी जैसे अनुभव खिलाड़ी रविवार रात कोलंबो में खेले गए एकतरफा मुकाबले में उम्मीदों पर खरे नहीं उतरे। भारत के युवा सलामी बल्लेबाज ईशान किशन (40 गेंदों में 77 रन) ने पाकिस्तानी गेंदबाजी की जमकर धुलाई की। दूसरी तरफ भारत के तेज गेंदबाजों और स्पिनरों के सामने पाकिस्तान के बल्लेबाज बगलें झांकते हुए नजर आए।

पूर्व कप्तान शाहिद अफरीदी ने कहा, ‘‘अगर यह मेरे हाथ में होता तो मैं बाबर, शादाब और शाहीन को दोबारा टी20 टीम में नहीं चुनता। उन्हें पाकिस्तान के लिए अच्छा प्रदर्शन करने के कई मौके मिले हैं, लेकिन कल वे फिर से नाकाम रहे।’’

अफरीदी ने कहा कि अब इस टी20 प्रारूप में युवा खिलाड़ियों को तैयार करने का समय आ गया है। शाहीन ने दो ओवर में 31 रन लुटाए वहीं बाबर को अक्षर पटेल ने पांच रन पर आउट किया।

पूर्व कप्तान जावेद मियांदाद हार पर विस्तार से बोलने को तैयार नहीं थे, लेकिन उन्होंने स्वीकार किया कि पाकिस्तान की क्रिकेट टीम दबाव में आने पर चुनौती पेश करने में नाकाम रही है।

मियांदाद ने कहा, ‘‘भाई बड़े मैचों में ही खिलाड़ियों को अपना जज्बा दिखाना होता है। हमारे खिलाड़ी ऐसा नहीं कर पाए।’’

बाबर का हमेशा समर्थन करने वाले एक अन्य पूर्व कप्तान मोहम्मद यूसुफ ने भी कहा कि इस करारी हार के बाद बाबर और शाहीन का टी20 करियर समाप्त हो जाना चाहिए।

यूसुफ ने एक्स पर पोस्ट किया, ‘‘‘शाहीन, बाबर और शादाब का करियर अवसान पर है। पाकिस्तान की टी20 टीम को नए खिलाड़ियों की जरूरत है, कमजोर टीमों के खिलाफ खोखली जीत की नहीं।’’

पूर्व तेज गेंदबाज शोएब अख्तर ने भारतीय समाचार चैनल पर बाबर के सुपरस्टार दर्जे का मजाक उड़ाया।

उन्होंने कहा, ‘‘आपने एक ऐसे खिलाड़ी (बाबर आजम) को सुपरस्टार बना दिया है जो आपको एक भी मैच नहीं जिता सकता। पिछले 15-20 वर्षों से कोई सुधार नहीं हुआ है। स्थिति की दुखद सच्चाई यह है कि एक समय हम भारत को कड़ी चुनौती देते थे, लेकिन आज हम उन्हें हराने का सपना भी नहीं देख सकते।’’

बाबर के मुखर आलोचक रहे अहमद शहजाद ने एक्स पर लिखा, ‘‘बाबर एक बार फिर सस्ते में चला गया। शायद इस प्रारूप में अपनी काबिलियत साबित करने के लिए यह उसके पास आखिरी मौका था।’’

इस हार से पाकिस्तान का क्रिकेट समुदाय निराश है और सोशल मीडिया पर लोग टीम का मजाक उड़ाते हुए कह रहे हैं कि शायद पाकिस्तान सरकार को बांग्लादेश के समर्थन में बहिष्कार की अपील का पालन करना चाहिए था।

कई क्रिकेट प्रेमियों ने पोस्ट किया, ‘‘अगर हमने बहिष्कार जारी रखा होता तो बेहतर होता।’’

पूर्व कप्तान मोइन खान ने कहा कि अब यह स्वीकार करने का वक्त आ गया है कि भारत इस समय किसी भी प्रारूप में पाकिस्तान से कहीं बेहतर टीम है।

उन्होंने कहा, ‘‘इस बार हमारी उम्मीदें फिर से जाग उठीं थी लेकिन एक पेशेवर क्रिकेटर के तौर पर मेरे मन में हमेशा यह आशंका बनी रहती है कि भारतीय खिलाड़ी सबसे महत्वपूर्ण मौके पर अच्छा प्रदर्शन करेंगे।’’

मियांदाद ने शाहीन शाह अफरीदी के रूप में केवल एक तेज गेंदबाज के साथ खेलने की पाकिस्तान की रणनीति पर हैरानी जताई।उन्होंने कहा, ‘‘फहीम अशरफ से गेंदबाजी क्यों नहीं करवाई गई। छह स्पिनरों के साथ उतरने का क्या मतलब है।’’