1. खेल-संसार
  2. क्रिकेट
  3. समाचार
  4. Mumbai Indians fetched great result with Rohit as Impact player

रोहित शर्मा को Impact Player बनाकर मुंबई ने की जबरदस्त वापसी, किसका था यह Idea

गेंदबाज और अच्छे क्षेत्ररक्षक के लिए रोहित का इस्तेमाल इंपैक्ट प्लेयर की तरह हो रहा: जयवर्धने

Mumbai Indians
मुंबई इंडियंस के मुख्य कोच महेला जयवर्धने ने सोमवार को कहा कि रोहित शर्मा को ‘इम्पैक्ट सब्स्टिट्यूट’ के रूप में इस्तेमाल करने का फैसला पहले से तय नहीं था और ऐसा इसलिए किया गया क्योंकि टीम को ऐसे खिलाड़ियों की जरूरत महसूस हुई जो गेंदबाजी के साथ क्षेत्ररक्षण में बेहतरीन हो।

जयवर्धने ने बताया कि रोहित चैंपियंस ट्रॉफी में भारत के विजयी अभियान के दौरान मामूली रूप से चोटिल हुए थे और टीम उनकी चोट को बढ़ने नहीं देना चाहती है।उन्होंने कहा, ‘‘ ऐसा सत्र की शुरुआत में नहीं था। जाहिर है रो (रोहित) कुछ मैचों के दौरान मैदान पर उतरे थे।’’

श्रीलंका के इस पूर्व कप्तान ने मुंबई इंडियंस के अभ्यास सत्र के दौरान कहा, ‘‘आप अगर टीम की संरचना को देखें, तो अधिकांश खिलाड़ी दोहरी भूमिका निभा रहे हैं। उनमें से कुछ ऐसे गेंदबाज है जिसकी जरूरत बाउंड्री के पास क्षेत्ररक्षण के लिए होती है। आपको क्षेत्ररक्षण के लिए भी तेज दौड़ने वाले खिलाड़ियों की जरूरत होती है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘ रोहित चैंपियंस ट्रॉफी से मामूली तौर पर चोटिल थे, इसलिए हम यह सुनिश्चित करना चाहते थे कि हम उन पर ज्यादा दबाव न डालें। हम ऐसा करने में कामयाब रहे। हमारे लिए उनकी बल्लेबाजी सबसे महत्वपूर्ण चीज है।’’

जयवर्धने ने कहा कि रोहित ने मैदान के अंदर और बाहर दोनों जगह टीम के लिए ‘अहम’ योगदान दिया है।उन्होंने कहा, ‘‘आप ने देखा होगा कि वह हमेशा डगआउट में मौजूद रहते हैं। वह टाइम आउट के दौरान मैदान में जाकर खिलाड़ियों से बातचीत करते हैं। वह टीम में काफी सक्रिय भूमिका निभाते हैं।

जयवर्धने ने स्वीकार किया कि रोहित और रयान रिकेल्टन की सलामी जोड़ी के रूप में सफलता से टीम को फायदा हुआ है।उन्होंने कहा, ‘‘सलामी जोड़ी किसी भी टीम की पारी को स्थापित करने में बहुत महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। हमारे पास जिस तरह की बल्लेबाजी लाइनअप है उस में हम अच्छी शुरुआत मिलने पर शानदार तरीके से आगे बढ़ सकते हैं।’’उन्होंने कहा, ‘‘रोहित ने पिछले कुछ वर्षों में ज्यादा बड़ी पारियां नहीं खेली है लेकिन वह टीम को तेज शुरुआत दिलाकर प्रभावी बल्लेबाजी कर रहे हैं। ’’(भाषा)
लेखक के बारे में
WD Sports Desk
वेबदुनिया स्पोर्ट्स टीम खेलों की दुनिया से जुड़ी हर खबर को विस्तार से पेश करती है। क्रिकेट, फुटबॉल, कबड्डी या अन्य खेलों पर आधारित लेख और न्यूज़ से लेकर महत्वपूर्ण मैचों की अपडेट्स और खेल जगत की खास घटनाएं, यह टीम पाठकों को पूरी जानकारी प्रदान करती है। स्पोर्ट्स टीम.... और पढ़ें
अगला लेख
10 करोड़ के रबाड़ा 2 मैच बाद वापस जुड़े, क्या खेलेंगे मुंबई के खिलाफ?