1. खेल-संसार
  2. क्रिकेट
  3. समाचार
  4. Kagiso Rabada joins Gujarat dugout after completing suspension

10 करोड़ के रबाड़ा 2 मैच बाद वापस जुड़े, क्या खेलेंगे मुंबई के खिलाफ?

रबादा वापसी के लिए तैयार, सभी प्रक्रियाओं का ‘अक्षरशः पालन’ किया गया: सोलंकी

South Africa
गुजरात टाइटन्स के कागिसो रबादा एक महीने के निलंबन के बाद इंडियन प्रीमियर लीग में वापसी के लिए तैयार हैं और फ्रेंचाइजी के क्रिकेट निदेशक विक्रम सोलंकी ने कहा कि दक्षिण अफ्रीका के इस तेज गेंदबाज के मनोरंजन के लिए प्रतिबंधित दवा के उपयोग से संबंधित सभी प्रक्रियाओं का ‘अक्षरशः पालन’ किया जा रहा है।

इस साल जनवरी में एसए20 टूर्नामेंट में एमआई केपटाउन के लिए खेलते समय मनोरंजन के लिए इस्तेमाल होने वाली प्रतिबंधित दवा के उपयोग के लिए रबादा को एक महीने के लिए निलंबित किया गया था। उन्हें एक अप्रैल को परीक्षण में विफल होने के बारे में सूचित किया गया था और दो दिन बाद टाइटन्स ने घोषणा की कि रबादा ‘व्यक्तिगत कारणों’ से स्वदेश लौट गए हैं।

दक्षिण अफ्रीका ड्रगरहित खेल संस्थान (SIDS) ने सोमवार को कहा कि रबादा ने ‘मादक पदार्थ दुरुपयोग उपचार कार्यक्रम’ पूरा कर लिया है जिससे वह आईपीएल में भाग लेने के लिए उपलब्ध हो गए हैं।

सोलंकी ने वानखेड़े स्टेडियम में टाइटन्स के ट्रेनिंग सत्र के दौरान मीडिया से कहा, ‘‘जहां तक कल के मैच का सवाल है, तथ्य यह है कि पिछले एक महीने में लिए गए सभी निर्णयों और जो कुछ भी हुआ है उसे देखते हुए, वह अब उपलब्ध है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘कागिसो अपने फैसले में त्रुटि पर खेद व्यक्त किया है लेकिन वह अपने पसंदीदा खेल को फिर से खेलने के लिए बहुत उत्सुक है। वह इससे सबक लेगा और हम उसे अभ्यास में वापस लाने के लिए उत्सुक हैं।’’

सोलंकी ने कहा कि इस मामले में संबंधित पक्षों द्वारा सभी प्रक्रियाओं का पालन किया गया था क्योंकि 29 वर्षीय रबादा ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ मुकाबले से पहले गुजरात टाइटन्स के साथ ट्रेनिंग की।

उन्होंने कहा, ‘‘जहां तक प्रक्रिया और प्रोटोकॉल का सवाल है, इस मामले में शामिल सभी लोगों, कागिसो से लेकर उनके प्रतिनिधियों तक, सभी ने इस मामले में जरूरी चीजों का अक्षरशः पालन किया है।’’

सोलंकी ने कहा, ‘‘हमने कागिसो से जुड़ी भावनाओं का भी ख्याल रखने की कोशिश की। वह अब वापस आ गया है, 30 दिन के लिए निलंबन की अवधि पूरी कर चुका है और अब हम यही चाहते हैं कि वह वापस आकर वही करे जो उसे पसंद है और वह करे जिसकी हम सराहना करते हैं और वह है क्रिकेट टीम का हिस्सा बनना।’’

सोलंकी ने माना कि ऐसे मामले ध्यान भटकाने वाले हो सकते हैं लेकिन उन्होंने कहा कि रबादा चाहते हैं कि टीम अपना ध्यान क्रिकेट पर लगाए रखे जबकि वह व्यक्तिगत आधार पर मामले से निपटें। (भाषा)
लेखक के बारे में
WD Sports Desk
वेबदुनिया स्पोर्ट्स टीम खेलों की दुनिया से जुड़ी हर खबर को विस्तार से पेश करती है। क्रिकेट, फुटबॉल, कबड्डी या अन्य खेलों पर आधारित लेख और न्यूज़ से लेकर महत्वपूर्ण मैचों की अपडेट्स और खेल जगत की खास घटनाएं, यह टीम पाठकों को पूरी जानकारी प्रदान करती है। स्पोर्ट्स टीम.... और पढ़ें
अगला लेख
मोहम्मद शमी को मिली जान से मारने की धमकी, मांगी 1 करोड़ रुपए की फिरौती