INDvsNZ भारत ने न्यूजीलैंड को टी-20 विश्वकप में मात देकर तीसरी बार यह खिताब अपने नाम किया और न्यूजीलैंड को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में 96 रनों से हार थमाई। गत विजेता भारत ने अपने घरेलू दर्शकों के सामने यह कारनामा किया। यह किसी भी टी-20 विश्वकप में रनों के लिहाज से सबसे बड़ी जीत है। 256 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड के लिए टिम सिफर्ट ही अर्धशतक लगा पाए और पूरी टीम 159 रनों पर सिमट गई।। जसप्रीत बुमराह ने 4 विकेट चटकाए।
-
टिम साइफर्ट तूफानी अर्धशतक बनाकर रवाना, न्यूजीलैंड की आधी टीम आउट
जहां एक ओर न्यूजीलैंड के अन्य बल्लेबाज सस्ते में विकेट गंवाते रहे वहीं टिम साइफर्ट ने टीम के लिए अकेला किला लड़ाया। सलामी बल्लेबाज ने सिर्फ 23 गेंदों में ही अपना अर्धशतक जड़ दिया है।हालांकि चैपमैन भी सस्ते में हार्दिक की गेंद पर आउट हो गए।इसके बाद टिम साइफर्ट भी वरुण की गेंद पर ईशान को कैच थमा बैठे। 72 रनों पर आधी टीम आउट हो गई।
-
50 रन से पहले न्यूजीलैंड के 3 विकेट आउट अक्षर ने किया कमाल
कप्तान सूर्यकुमार यादव की कप्तानी ने फिर कमाल दिखाया और अक्षर पटेल ने भारत को पहली सफलता दिलाई। शिवम दुबे द्वारा 0 पर जीवनदान पा चुके सेमीफाइनल के शतकवीर सिर्फ 9 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद जसप्रीत बुमराह ने भी इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल की तरह ही अपनी पहली गेंद पर रविंद्र का विकेट ले लिया।इसके बाद अक्षर पटेल ने ग्लेन फिलिप्स की गिल्लियां भी उड़ा दी।
-
255 रन, अहमदाबाद में भारतीय टीम ने कीवी टीम का बनाया कीमा
अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ रिकॉर्ड 255 रन बना लिए। भारत के लिए पहले 3 बल्लेबाज अभिषेक शर्मा, ईशान किशन और संजू सैमसन ने अर्धशतक जड़े। न्यूजीलैंड की ओर से जिम्मी नीशम ने सर्वाधिक 3 विकेट लिए।
-
जिम्मी नीशम ने 1 ओवर में 3 विकेट लेकर दी कीवी टीम को सांस
टी-20 विश्वकप फाइनल में इशान किशन ने भी तूफानी 50 रन बना दिए। ईशान किशन ने सिर्फ 23 गेंदों में अर्धशतक जड़ा और अभिषेक के बाद तेजी से रन बनाना जारी रखा। इन तीन बल्लेबाजों के कारण ही भारत 15वें ओवर में ही 200 रन पार हो गया।हालांकि संजू सैमसन एक बार फिर शतक चूक गए। उन्होंने 46 गेंदो में 89 रन बनाए। इसमें 5 चौके और 8 छक्के शामिल थे।हालांकि इसके बाद जिम्मी नीशम ने ईशान को और सूर्यकुमार यादव को आउट कर कीवी टीम को थोड़ी सांस लेने का मौका दिया।
-
सैमसन का लगातार तीसरा अर्धशतक, संजू का लाजवाब फॉर्म बरकरार
संजू सैमसन ने टी-20 विश्वकप में लगातार तीसरा अर्धशतक जड़ दिया। सैमसन ने वेस्टइंडीज के खिलाफ नाबाद 97 रन बनाए थे जिसकी बदौलत भारत सेमीफाइनल जा सका। इसके बाद उन्होंने सेमीफाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ आतिशी पारी खेली और आज फाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ 33 गेंदों में अर्धशतक जड़ा।
-
20 गेंदों में अभिषेक 52 रन बनाकर हुए आउट, भारत 100 पार
अभिषेक शर्मा ने सिर्फ 18 गेंदों में ही पहले पॉवरप्ले में अपना अर्धशतक बना लिया और न्यूजीलैंड को शुरुआत में ही बैकफुट पर धकेल दिया। पहले पॉवरप्ले में भारत ने 92 रन बना लिए। इसमें से अभिषेक शर्मा ने जैकब डफी और लॉकी फर्ग्यूसन पर बहुत प्रहार किए।हालांकि राचिन रविंद्र की गेंद पर वह कीपर को कैच थमा बैठे। उन्होंने अपनी पारी में 6 चौके और 3 छक्के लगाए।इस ही ओवर में भारत 100 पार हो गया।
-
4 ओवर में 53 रन, सैमसन और अभिषेक ने दिलाई तूफानी शुरुआत
भारतीय सलामी बल्लेबाजों ने न्यूजीलैंड के खिलाफ तूफानी बल्लेबाजी से शुरुआत की और सिर्फ 4 ओवर में ही 50 का आंकड़ा पार कर लिया। टीम के दोनों बल्लेबाजों ने पिछले सेमीफाइनल में तूफानी बल्लेबाजी करने वाले लॉकी फर्ग्यूसन के एक ओवर में 24 रन बनाए। जिससे थोड़ी धीमी शरुआत के बाद टीम ने लय पकड़ ली।अमूमन अनुशासित गेंदबाजी करने वाले न्यूजीलैंड के गेंदबाजों ने आज शुरुआत में काफी वाइड गेंदबाजी की।
-
T20I WC Final में न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर भारत के खिलाफ चुनी गेंदबाजी (Video)
टी-20 विश्वकप के फाइनल में न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर ने भारत के कप्तान सूर्याकुमार यादव के सामने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। भारतीय टीम मेें कोई बदलाव नहीं है जबकि न्यूजीलैंड टीम ने एक बदलाव करते हुए जैकब डफी को टीम में खिलाया है।
भारत: सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), इशान किशन, तिलक वर्मा, शिवम दुबे, हार्दिक पंड्या, अक्षर पटेल, जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप सिंह
न्यूजीलैंड: मिचेल सैंटनर (कप्तान), फिन एलन, टिम सीफर्ट, रचिन रविंद्र, मार्क चैपमैन, ग्लेन फिलिप्स, डैरिल मिचेल, मैट हेनरी, लॉकी फर्ग्यूसन, काइल जैमीसन, जैकब डफी, जिमी नीशम