सेना में करना चाहते हैं नौकरी तो जरूरी खबर
जालंधर। अब युवाओं को सेना में भर्ती होने के लिए भर्ती रैली में भीड़ का सामना नहीं करना पड़ेगा। सैनिक भर्ती रैली में उम्मीदवारों की भीड़ को देखते हुए और उसे नियंत्रित करने के लिए सेना ने अब भर्ती रैली में शामिल होने वाले योग्य उम्मीदवारों के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराना अनिवार्य कर दिया है।
सेना की यह नई व्यवस्था लागू कर दी है और इसके लिए एक वेबसाइट की भी शुरुआत कर दी गई है। पंजाब के कपूरथला में अस्थायी सेलेक्शन सेंटर नार्थ का उद्घाटन करने आए सेना के भर्ती महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल आरएन नायर ने बताया कि सेना में भर्ती के लिए जब रैलियां आयोजित की जाती हैं तो कभी उसमें हिस्सा लेने वाले उम्मीदवारों की भीड़ इतनी बढ़ जाती है कि लाठीचार्ज करना पडता है। साथ ही भीड़ को नियंत्रित करने के लिए इस तरह के दूसरे अन्य साधन अपनाए जाते हैं।
अगले पन्ने पर, कैसे करें आवेदन...
लेफ्टिनेंट जनरल नायर ने ये भी बताया कि सेना ने इससे निपटने के लिए यह निर्णय किया है कि इसमें शामिल होने वाले उम्मीदवारों को पहले ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करवाना होगा।
इसके बाद वहां से योग्य उम्मीदवारों का चयन कर सिमित संख्या में अलग अलग दिन भर्ती रैली के लिए बुलाया जाएगा। इसका सबसे बडा फायदा होगा कि रैली में आने वाली भीड अनियंत्रित नहीं होगी।
उन्होंने बताया कि इस नई व्यवस्था की शुरुआत 1 जुलाई से कर दी गई है। इसके लिए सेना ने एक बेवसाइट की भी शुरू कर दी है। इच्छुक युवा www.joinindianarmy.nic.in पर सेना में भर्ती होने के लिए आवेदन कर सकते हैं। (भाषा)

