1. खेल-संसार
  2. आईपीएल 2026
  3. आईपीएल 2026 न्यूज़
  4. Royal Challengers Bengaluru books the Place in IPL Final

लगातार दूसरी बार IPL फाइनल में बैंगलूरू, गुजरात को 92 रनों से रौंदा

Royal Challengers Bengaluru
GTvsRCB इंडियन प्रीमियर लीग के क्वालिफायर 1 मैच में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलूरू ने गुजरात टाइटंस को धर्मशाला के मैदान पर 92 रनों से हराकर सीधा आईपीएल फाइनल में प्रवेश कर लिया है। गत विजेता बैंगलूरू लगातार दूसरी बार आईपीएल फाइनल खेलेगी। गुजरात को अब क्वालिफायर 2 में एलिमिनेटर की विजेता टीम से मैच खेलना होगा। इस मैच का विजेता फाइनल में बैंगलूरू से दो दो हाथ करेगा। 

पहले बल्लेबाजी कर 254 रन बनाने वाली बैंगलूरू ने गुजरात को कभी चेस में ही नहीं रखा। पॉवरप्ले में ही टीम ने 4 विकेट गंवा दिए और 88 रनों पर 8 विकेट हो गए थे।Impact Player राहुल तेवतिया की 67 रनों की पारी आई तब जाकर टीम 100 रनों से कम के अंतर से हारी अन्यथा यह बहुत करारी हार होने वाली थी।
पाटीदार ने मात्र 33 गेंदों की बेखौफ नाबाद पारी में नौ छक्के और पांच चौके जड़े। उन्होंने कुछ जीवनदान मिलने के बाद अंत के ओवरों में गेंदबाजों की जमकर धुनाई की और मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया। अनुभवी विराट कोहली और कृणाल पंड्या ने 43-43 रनों की पारियां खेलीं।

आरसीबी ने पांच विकेट पर 254 रन बनाने के बाद टाइटंस को 20वें ओवर में 162 रन पर आउट कर लगातार दूसरी बार खिताब जीतने की ओर मजबूत कदम बढ़ाया।बड़े स्कोर का पीछा करते समय टाइटंस के बल्लेबाज पूरी तरह दबाव में आ गए और लगातार विकेट गंवाते रहे। टीम ने पावरप्ले में ही पांच विकेट गंवा दिए, जिससे आरसीबी की जीत दूसरी पारी के छठे ओवर में ही लगभग तय हो गई।

राहुल तेवतिया ने 43 गेंदों में चार छक्कों और आठ चौकों की मदद से 68 रन बनाकर टाइटंस को शर्मनाक हार से बचाने की कोशिश की। उनके अलावा सिर्फ जोस बटलर (29) ही 20 रन के आंकड़े को पार कर सके।आरसीबी के लिए जैकब डफी ने तीन विकेट लिए, जबकि भुवनेश्वर कुमार, कृणाल पंड्या और रसिख सलाम ने दो-दो विकेट चटकाए। जोश हेजलवुड को एक सफलता मिली।

बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए शानदार लय में चल रहे साई सुदर्शन (14) ने पहले ओवर में डफी के खिलाफ लगातार दो चौकों के साथ आक्रामक शुरुआत दिलाई, लेकिन इस गेंदबाज के अगले ओवर में वह हिट विकेट हो गए। उनका बल्ला हाथ से छूटकर विकेटों से टकरा गया।

बटलर ने क्रीज पर आते ही चौका और छक्का लगाया, लेकिन भुवनेश्वर ने कप्तान शुभमन गिल (दो) को बोल्ड कर टाइटंस को बड़ा झटका दिया।इन विकेटों से बेपरवाह बटलर ने हेजलवुड के खिलाफ दो चौके और एक छक्का जड़ा, लेकिन ऑस्ट्रेलिया के इस गेंदबाज ने ओवर की चौथी गेंद पर इंग्लैंड के पूर्व कप्तान को बोल्ड कर मैच पर आरसीबी का दबदबा कायम कर दिया। बटलर ने 11 गेंदों में 29 रन बनाए।

रसिख ने अपनी पहली ही गेंद पर निशांत सिंधू (पांच) का शानदार कैच लपकने के बाद जेसन होल्डर को खाता खोले बिना पवेलियन भेज दिया, जिससे टीम का स्कोर दो विकेट पर 51 रन से पांच विकेट पर 51 रन हो गया।
वाशिंगटन सुंदर (आठ) हेजलवुड का दूसरा, जबकि राशिद खान (आठ) डफी का तीसरा शिकार बने।

मैच लगभग हाथ से निकल जाने के बाद तेवतिया ने कुछ करारे प्रहार करते हुए अपनी सर्वश्रेष्ठ पारियों में से एक खेली और 2020 के बाद इस लीग में अपना पहला अर्धशतक जड़ा। हालांकि, उनकी इस पारी से टाइटंस की हार का अंतर ही कम हो सका। वह पारी के 19वें ओवर में भुवनेश्वर की गेंद पर पाटीदार को कैच देकर आउट हुए।


लेखक के बारे में
वेबदुनिया स्पोर्ट्स टीम
वेबदुनिया स्पोर्ट्स टीम खेलों की दुनिया से जुड़ी हर खबर को विस्तार से पेश करती है। क्रिकेट, फुटबॉल, कबड्डी या अन्य खेलों पर आधारित लेख और न्यूज़ से लेकर महत्वपूर्ण मैचों की अपडेट्स और खेल जगत की खास घटनाएं, यह टीम पाठकों को पूरी जानकारी प्रदान करती है। स्पोर्ट्स टीम.... और पढ़ें