अमेरिका ने 85,000 वीजा किए रद्द, वीजा इंटरव्यू अगले साल तक स्थगित
US Visa news in hindi : अमेरिका में ट्रंप प्रशासन ने 2025 में अब तक 85,000 वीजा रद्द कर दिए हैं। इनमें 8,000 छात्र वीजा भी शामिल है। ट्रंप प्रशासन की तरफ से कई वीजा इंटरव्यू अगले साल तक स्थगित कर दिए गए हैं। इस वजह से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा है।
अमेरिकी विदेश विभाग ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर अपनी पोस्ट में कहा, जनवरी से अब तक 85,000 वीजा कैंसिल किए गए हैं। प्रेसिडेंट ट्रंप और सेक्रेटरी रुबियो एक आसान से आदेश का पालन करते हैं और वे जल्द ही रुकने वाले नहीं हैं। पोस्ट में ट्रंप की तस्वीर के साथ 'मेक अमेरिका सेफ अगेन' का स्लोगन दिया गया है।
भारत स्थित अमेरिकी दूतावास ने मंगलवार रात वीजा अप्लिकेंट्स को सलाह दी कि अगर उन्हें अपॉइंटमेंट रद्द होने का ईमेल मिला है, तो नए तारीख पर सहायता उपलब्ध रहेगी। पूर्व निर्धारित अपॉइंटमेंट पर आने वाले वीजा आवेदकों को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। हालांकि अभी तक रद्द या स्थगित इंटरव्यू की संख्या स्पष्ट नहीं है।
वीजा के लिए आवेदन करने वालों को नई व्यवस्था के तहत सोशल मीडिया प्रोफाइल सार्वजनिक करना होगी। अमेरिकी अधिकारी अब आवेदकों की ऑनलाइन गतिविधियों की समीक्षा करेंगे ताकि यह पता लगाया जा सके कि कोई व्यक्ति अमेरिका की सुरक्षा या सार्वजनिक व्यवस्था के लिए खतरा तो नहीं है।
अगस्त में विदेश विभाग ने साफ कर दिया था कि अब अमेरिका सभी 5.5 करोड़ से अधिक वीजा धारकों की लगातार जांच करेगा। यानी, वीजा मिलने के बाद भी व्यक्ति की गतिविधियों और पृष्ठभूमि पर लगातार नजर रखी जाएगी।
गौरतलब है कि ट्रंप प्रशासन का यह फैसला एच-1बी प्रोग्राम पर बढ़ती निगरानी का हिस्सा है। इसके माध्यम से बड़ी संख्या में कुशल विदेशी कर्मचारी इमीग्रेशन लेकर अमेरिका में प्रवेश करते हैं। सितंबर में राष्ट्रपति ट्रंप ने नए एच-1बी वीजा पर एक बार का $1,00,000 लगभग (लगभग 88 लाख रुपए) शुल्क लगाया था। हाल ही में अमेरिका ने कुछ देशों से आने वाले लोगों के लिए ग्रीन कार्ड, नागरिकता और अन्य इमीग्रेशन एप्लिकेशन को भी रोक दिया था।
edited by : Nrapendra Gupta