इंदौर में सड़क धंसने से हादसे का खतरा, शिकायत के बाद भी समाधान नहीं
शहर के वार्ड 21 वीणा नगर, सुखलिया क्षेत्र में घर के सामने सड़क अचानक धंस जाने से रहवासियों के लिए गंभीर खतरा उत्पन्न हो गया है। कुछ दिन पूर्व सड़क का एक हिस्सा अचानक धंस गया, जिसके कारण वहां के घर की महिला उसमें गिरकर चोटिल हो गई।
घटना के बाद भी सड़क की मरम्मत अथवा धंसे हुए हिस्से को सुरक्षित करने के लिए अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। सबसे चिंताजनक स्थिति यह है कि उक्त स्थान पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में बच्चे खेलते रहते हैं। सड़क के धंसे हुए हिस्से को यदि शीघ्र दुरुस्त नहीं किया गया तो किसी बच्चे के उसमें गिरने से गंभीर दुर्घटना होने की आशंका बनी हुई है। वर्तमान स्थिति को देखते हुए किसी बड़ी अनहोनी से इंकार नहीं किया जा सकता।
रहवासियों के अनुसार इस समस्या की जानकारी क्षेत्रीय पार्षद एवं पूर्व नेता प्रतिपक्ष चिंटू चौकसे को भी दी जा चुकी है, लेकिन शिकायत के बावजूद अभी तक समस्या का स्थायी निराकरण नहीं हुआ है। सड़क का लगातार इसी स्थिति में बने रहना नागरिकों की सुरक्षा के प्रति गंभीर चिंता का विषय है।
रहवासियों ने संबंधित नगर निगम अधिकारियों एवं क्षेत्रीय पार्षद से मांग की है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल धंसी हुई सड़क को सुरक्षित किया जाए तथा आवश्यक मरम्मत कार्य शीघ्र पूरा कराया जाए। यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई और कोई दुर्घटना होती है तो इसकी जिम्मेदारी संबंधित विभाग एवं जिम्मेदार जनप्रतिनिधियों की होगी।

