1. समाचार
  2. वेबदुनिया सिटी
  3. इंदौर
  4. Distraught woman commits suicide after engagement is called off.

एक बार मंगेतर से मिला दो, सगाई से इनकार पर दुखी युवती ने की आत्‍महत्‍या, मंगेतर ने लगाए थे चैटिंग के आरोप

Let me meet my fiancé just once
इंदौर में मंगेतर द्वारा शादी से इनकार करने के बाद एक 19 साल की युवती मारिया ने जहर खाकर आत्‍महत्‍या कर ली। वो लगातार अपने मंगेतर सोहेल से मिलने की गुहार लगा रही थी। लेकिन मंगेतर और घरवालों ने उसे मिलने से साफ मना कर दिया। बताया जा रहा है कि मारिया सगाई टूट जाने की वजह से दुखी और परेशान थी।

घटना विजय नगर की है। स्वर्ण बाग कॉलोनी निवासी 19 साल की मारिया ने गुरुवार देर रात संदिग्ध परिस्थिति में जहर खा लिया। तबीयत बिगड़ने पर जब छोटी बहन ने उससे कारण पूछा, तो उसने जहर खाने की बात स्वीकार की। इसके पश्चात परिजन तुरंत उसे इलाज के लिए एमवाय अस्पताल ले गए, जहां उपचार के दौरान चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया है और पुलिस ने मामले की जांच प्रारंभ कर दी है।

जून 2025 में हुई थी सगाई : मारिया के पिता उमर शेख के अनुसार उनकी बेटी मारिया की सगाई 15 जून 2025 को आजाद नगर निवासी सोहेल उर्फ साहिल के साथ हुई थी। दोनों की सगाई को लगभग 1.5 साल बीत चुका था और इसी साल दोनों की शादी होना थी। किंतु करीब एक हफ्ते पहले सोहेल ने फोन पर मारिया को बताया कि वह अब उससे शादी नहीं करना चाहता और सगाई तोड़ रहा है। सोहेल ने अपने परिवार को भी इस निर्णय के लिए सहमत कर लिया था। जब मारिया के परिजनों ने सोहेल के परिवार से संपर्क किया, तो उन्होंने यह कहकर अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ लिया कि लड़का जब शादी नहीं करना चाहता तो वे इसमें कुछ नहीं कर सकते।

एक बार मंगेतर से बात करा दो प्‍लीज : बताया जा रहा है कि सगाई टूटने की खबर के बाद से मारिया अत्यधिक मानसिक तनाव में रहने लगी थी। वह पिछले 8 दिनों से सोहेल से केवल 1 बार आमने सामने मिलकर बात करना चाहती थी। परिजनों का कहना है कि सोहेल ने उससे मिलने या बातचीत करने से साफ मना कर दिया था। सोहेल द्वारा आजाद नगर इलाके में जूस की दुकान का संचालन किया जाता है। इसके बाद वो गहरे तनाव में चली गई। मारिया ने गुरुवार देर रात यह आत्मघाती कदम उठा लिया।

अन्य लड़के से चैटिंग का आरोप : परिजनों के मुताबिक सोहेल ने मारिया पर किसी अन्य युवक से मोबाइल पर बातचीत और चैटिंग करने का आरोप लगाया था। उसका यह भी कहना था कि मारिया उसे टाइम नहीं देती है। हालांकि मारिया के पिता उसे लगातार समझा रहे थे और दोनों पक्षों के बीच चल रहे इस विवाद को सुलझाने का प्रयास कर रहे थे। लेकिन वो एक बार मंगेतर सोहेल से मिलना चाहती थी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। मामले में मर्ग कायम कर लिया गया है और परिवार द्वारा लगाए गए सभी आरोपों की गहराई से जांच की जा रही है।
अगला लेख
गुजरात सरकार का बड़ा फैसला, विदेश में पढ़ाई के लिए अब 10 लाख रुपये तक आय वालों को मिलेगा लोन