ख़ूबसूरत ज़िंदगी के आगे त्रासदी फीकी है
ख्यात शायर बशीर बद्र से रवींद्र व्यास की बातचीत
| |
हम जब पैदा हुए थे, तब जो कल्पना करते थे वह अब सब सच होता दिखाई देता है। हम जब पैदा हुए थे और बाद में जब थोड़े बड़े हुए, तब जो कल्पना करते थे वह अब सब सच होता दिखाई दे रहा है।
कहानियों की कई बातें सच हुईं
जैसे सुनहरे शहर समंदर में रहते हैं
ये जो तरक्की हुई है, इतनी ख़ूबसूरत तरीके से हुई है कि क्या कहा जाए। परियों की कल्पना की थी, वह अब हकीकत बन गई है। अब तो लगता है कि एक बटन दबाने से सारी दुनिया मेरे कमरे में आ सकती है।
लेकिन इतनी तरक्की के बावजूद इंसान का यही मुकद्दर रहा है कि कभी उसे बादशाह मारते हैं, कभी कोई पागल हिटलर मारता है और कभी नेचर। इंसान पर इतना जुल्म हुआ है कि उसकी बदनसीबी ज्यादा बदली नहीं है। उपलब्धियाँ हैं और बहुत विकास भी हुआ है लेकिन उसका फायदा गरीबों को नहीं मिल रहा है। वे अभी तक तंगहाल और फटेहाल हैं।
छोटे-छोटे दुःखों से लेकर इतने बड़े-बड़े दुःख हैं कि उन्हें भुलाया नहीं जा सकता। कहने को एक तरफ हम बहुत तरक्की कर रहे हैं दूसरी तरफ बेईमानी, शैतानी और हैवानियत में भी बहुत तरक्की हुई है। इसका चेकअप होना जरूरी है।
| |
| |
देखिए हजारों सालों में कितनी तरक्की हुई है। चारों ओर चकाचौंध है लेकिन आदमी अब भी अकेला है। अजनबियत और तन्हाई कितनी बढ़ गई है। तब यह सब तरक्की किस बात, काम की? आदमी की यह अजनबियत और तन्हाई दूर होना चाहिए।
लेकिन हिप्पोक्रेट बनने से भी कोई फायदा नहीं क्योंकि आदमी को पिछली सहस्राब्दी में एक तरफ तमाम सुख-सुविधाएँ और खुशियाँ मिली तो दूसरी तरफ साइंस की तरक्की से उसका जीवन भी आसान हुआ। मेरी याददाश्त कमजोर नहीं, मुझे अच्छी तरह से याद है कि जब बचपन में मैं मर रहा था तो मेरी माँ की सहेली ने कहा था कि इसे सीता की रसोई की राख लगा, यह जी जाएगा।
मैं नहीं भूलता कि मैं अयोध्या का हूँ और राम का पड़ोसी। अब जो देश है इसका कल्चर यकीनन जबर्दस्त है। मुझमें इस्लाम है, मुझमें बुद्ध का अंश भी है और ईसाई भी हूँ। मुझमें सरयू के पानी की खुशबू है। यह बात नहीं भूलना चाहिए। मैंने शेर कहा है-
हकीकत सिर्फ मछली जानती है
समंदर कितना बूढ़ा देवता है
मैं कहना चाहता हूँ यह मुल्क ही नहीं, यह दुनिया बेहद खूबसूरत है लेकिन इसे बदसूरत बनाया जा रहा है। एक शायर होने के नाते मैं अपने वक्त की घटनाओं-दुर्घटनाओं से फिक्रमंद हूँ। इस दुनिया को बदसूरत करने के लिए तमाम इंतजामात भी कर लिए गए हैं लेकिन फनकार, हर क्षेत्र के फनकार इस दुनिया को खूबसूरत बनाने में जुटे हैं।

