निजी वाहन से वनविहार जा सकेंगे पर्यटक
सैलानी वन्य प्राणियों करीब से देख सकेंगे
ND
भोपाल के वन्य प्राणियों को देखने के लिए अब तक वन्य प्रेमी वनविहार उस वक्त जाते थे जब यहां खाना परोसा जाता था, लेकिन अब पर्यटक वनविहार के अंदरूनी हिस्सों में जाकर वन्य प्राणियों को करीब से देख सकेंगे। इसके लिए पर्यटकों को थोड़ा ज्यादा पैसा खर्च करना होगा। यह सुविधा मप्र के स्थापना दिवस से प्रारंभ हो गई है।
वनमंत्री सरताज सिंह के अनुसार भोपाल के पर्यटकों को अब वनविहार में ही प्रदेश के अन्य राष्ट्रीय उद्यानों में भ्रमण जैसा अनुभव प्राप्त हो सकेगा। वन विहार के अंदरूनी क्षेत्रों में निर्धारित मार्ग पर पर्यटक अपने निजी वाहन अथवा वन विहार के वाहन (उपलब्धता अनुसार) से भ्रमण कर सकेंगे।
भ्रमण के लिए चार पहिया वाहन में अधिकतम सात व्यक्तियों के लिए 600 रुपए शुल्क देय होगा। इस शुल्क में वनविहार का प्रवेश शुल्क भी शामिल है। प्रत्येक वाहन के साथ गाइड ले जाना अनिवार्य होगा। गाइड की सुविधा केवल वन विहार के अंदरूनी क्षेत्रों तक ही सीमित रहेगी। यह सुविधा वन विहार के दोनों प्रवेश द्वारों से उपलब्ध रहेगी।
ND
भ्रमण के लिए एक या दो दिन पूर्व अग्रिम बुकिंग भी पूर्ण शुल्क एकमुश्त जमा कर करवाई जा सकेगी। भ्रमण का समय प्रातः 7 से 11 बजे तक एवं दोपहर बाद 2 बजे से सायं 6 बजे तक रहेगा।

