1. खबर-संसार
  2. व्यापार
  3. फाइनेंशियल प्लानिंग
Written By मोलतोल डॉट इन
Last Updated : बुधवार, 1 अक्टूबर 2014 (19:59 IST)

मत खरीदो, 20000 तक आ सकता है सोना...

सोना
FILE
न्‍यूयॉर्क। हैज फंड और अन्‍य बड़े सटोरिएं सोने की बड़ी मात्रा में बिकवाली कर रहे हैं। कमोडिटी फ्यूचर ट्रेडिंग कमीशन द्धारा जारी आंकडों को देखा जाए तो इन बड़े खिलाड़ियों ने सोने में भारी गिरावट के लिए पिछले महीने आई मंदी के बाद सपोर्ट दिया। एक अनुमान के मुताबिक सोना 20 हजार रुपए प्रति दस ग्राम तक आ सकता है।

हैज फंड सहित मनी मैनेजर्स ने 14 मई 2013 को समाप्‍त सप्‍ताह में अमेरिकी गोल्‍ड फ्यूचर्स से 1.4 अरब डॉलर निकाले। यानी इन फंडों ने सोने में अपनी शुद्ध लांग पोजीशन को काफी घटाया है।

विश्‍लेषक पहले से ही कह रहे हैं कि 1400 डॉलर प्रति ट्रॉय औंस से नीचे भाव रहने पर सोने में और भारी बिकवाली आ सकती है जो इसे दो साल के 16 अप्रैल 2013 को बने निचले स्‍तर 1321.35 ट्रॉय औंस से नीचे ले जा सकती है।

फ्यूचर ट्रेडिंग कमीशन के एक महीने पहले जारी आंकडों को देखें तो बुलियन में भारी घाटा होने के बावजूद हैज फंडों ने अमरीकी गोल्‍ड फ्यूचर्स में अपनी लांग पोजीशन को वैश्विक अर्थव्‍यवस्‍था से चिंतित होकर बढ़ाया ताकि अगली बिकवाली जोरदार की जा सके।

मध्‍य अप्रैल में सोना हाजिर एक ही दिन में 125 डॉलर प्रति ट्रॉय औंस से ज्‍यादा टूटा लेकिन इसके बाद यह निचले दाम पर सपोर्ट पाकर 1400 डॉलर प्रति ट्रॉय औंस से ऊपर आ गया एवं बीते शुक्रवार को भारी बिकवाली ने इसे फिर से 1365 डॉलर प्रति ट्रॉय औंस से नीचे पहुंचा दिया।

बीता शुक्रवार सोने में लगातार गिरावट का सातवां दिन रहा एवं चार साल में यह सबसे बड़ी गिरावट रही। जबकि, अमरीकी डॉलर 2008 के बाद सबसे ऊपरी स्‍तर पर पहुंच गया।

अमरीकी अर्थव्‍यवस्‍था में आ रहा सुधार जिसमें कंज्‍यूमर सेंटीमेंट के छह साल के उच्‍च स्‍तर पर पहुंचना भी शामिल है, से सोना दब रहा है एवं इक्विटी बाजार नित नई ऊंचाई पर पहुंच रहा है। असल में अब पैसा अब इक्विटी बाजार की ओर मुड़ रहा है।

कुछ ब्रोकर मानते हैं कि सोना अगले दो सप्‍ताह या कुछ दिन में 1050-1100 अमरीकी डॉलर प्रति ट्रॉय औंस आ जाएगा। पिछले 12 साल की तेजी के बाद वर्ष 2013 में सोना लगभग 15 फीसदी टूट चुका है।

एक विश्‍लेषक का कहना है कि मजबूत अमरीकी डॉलर सोने के दाम पर भारी पड़ रहा है और यह तकनीकी स्‍तर पर कमजोर दिख रहा है। हालांकि, सोने के फंडामेंटल नहीं बदले हैं और इसमें निवेश रुचि कम हुई है।

क्रेडिट सुईस ग्रुप का कहना है कि सोना एक साल में 1100 डॉलर प्रति ट्रॉय औंस एवं पांच साल में 1000 डॉलर प्रति ट्रॉय औस आ जाएगा एवं इसके बाद यह जोरदार गिरेगा।

गौरतलब है कि 15 मई को क्रेडिट सुईस ने यह भविष्‍यवाणी की थी कि एक साल में सोना 1400 डॉलर प्रति ट्रॉय औंस के नीचे चला जाएगा।

गोल्‍डमैन सैश ग्रुप ने 23 अप्रैल को कहा था कि सोना 12 महीनों में 1390 डॉलर प्रति ट्रॉय औस आ सकता है जबकि डयूश बैंक ने इसके गिरकर 1050 डॉलर प्रति ट्रॉय औंस आने की भविष्‍यवाणी की है।

सोसायटी जनरल, बर्कलेज, क्रेडिट सुईस और मार्गन स्‍टेनले ने भी सोने के दाम नीचे आने की भविष्‍यवाणी की है। (एक ट्रॉय औंस = 31.1034768 ग्राम) 32.15 ट्रॉस औंस यानी 1 किलो।

मोलतोल.इन

सौजन्य : मोलतोल.इन

लेखक के बारे में
मोलतोल डॉट इन