1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. कोरोना वायरस
  4. boris johnson says Astrazeneca coronavirus vaccine safe made in india

कई देशों में रोक के बीच बोरिस जॉनसन बोले- AstraZeneca की वैक्सीन सुरक्षित, भारत भी कर रहा है उत्पादन

AstraZeneca
लंदन। ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने मंगलवार को कहा कि ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय और बायो-फार्मास्यूटिकल्स कंपनी एस्ट्राजेनेका द्वारा विकसित कोविड-19 का टीका सुरक्षित है तथा यह बखूबी काम कर रहा है। उन्होंने यह टीका लगाए जाने के बाद रक्त के थक्के जमने की खबरें आने के बाद यह कहा है।
प्रधानमंत्री जॉनसन ने ‘द टाइम्स’ के एक संपादकीय में लिखा है- यह टीका ईजाद किए जाने के महज 6  महीने बाद ही भारत सहित कई देशों में उत्पादित किया जा रहा है। 
 
उन्होंने कहा कि टीका (ऑक्सफोर्ड-एस्ट्राजेनेका) सुरक्षित है और अब सिर्फ 6 महीने बाद भारत से लेकर अमेरिका तक और ब्रिटेन सहित कई स्थानों पर इसे बनाया जा रहा है तथा दुनियाभर में इसका उपयोग हो रहा है।
रक्त का थक्का जमने के दुष्प्रभाव की चिंताओं के साथ डेनमार्क, फ्रांस, जर्मनी, स्पेन, इटली, नार्वे और आइसलैंड सहित कई यूरोपीय देशों द्वारा इसका इस्तेमाल अस्थायी तौर पर रोके जाने के मद्देनजर उनकी यह टिप्पणी आई है।
 
कुछ एशियाई और अफ्रीकी देशों ने भी चिंता प्रकट की है। कांगो और थाईलैंड ने इसकी खुराक देनी बंद कर दी है। हालांकि, ब्रिटेन और यूरोपीय संघ नियामक तथा विश्व स्वास्थ्य संगठन ने इस टीके के उपयोग का समर्थन किया है।
अगला लेख
आईआईएमसी के राजभाषा सम्मेलन में डॉ. सुमीत जैरथ ने कहा, वैश्विक भाषा के रूप में उभर रही है हिन्दी