गुरुवार, 25 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. धर्म-संसार
  2. धर्म-दर्शन
  3. ईसाई धर्म
  4. Five secrets of easter sunday
Written By अनिरुद्ध जोशी
Last Updated : मंगलवार, 26 मार्च 2024 (11:48 IST)

Easter Sunday 2023 : ईसा मसीह के पुनर्जीवित होने से जुड़ी 5 खास घटनाएं

Easter Sunday 2023 : ईसा मसीह के पुनर्जीवित होने से जुड़ी 5 खास घटनाएं - Five secrets of easter sunday
Easter Sunday 2023: 9 अप्रैल 2023 रविवार के दिन ईस्टर संडे का पर्व मनाया जाएगा। रविवार को ईसा मसीह ने येरुशलम में प्रवेश किया था, जिसे पाम संडे कहते हैं। शुक्रवार को उन्हें सूली पर लटका दिया गया था, जिसे 'गुड फ्रायडे' कहते हैं। रविवार के दिन सिर्फ उन्हें कब्र के पास जीवित देखा गया था। जीवित देखे जाने की इस घटना को 'ईस्टर संडे' के रूप में मनाया जाता है। जानते हैं इस घटना से जुड़ी 5 खास बातें।
1. शव को रखा गया गुफा में : क्रूस पर चढ़ाने के बाद क्या हुआ इस संबंध में कई कहानियां मिलती है। उनमें से एक यह है कि ईसा मसीह को सूली पर से उतारने के बाद उनका एक अनुयायी शव को ले गया और उसने शव को एक गुफा में रख दिया गया था। उस गुफा के आगे एक पत्थर लगा दिया गया था। वह गुफा और पत्थर आज भी मौजूद है। इसे खाली कब्र कहा जाता है।
2. जीवित देखे जाने की गवाह मेरी मगदलीनी : रविवार की सुबह जब अन्धेरा था तब मरियम मगदलिनी कब्र पर आई और उसने देखा कि कब्र से पत्थर हटा हुआ है। फिर वह शमौन पतरस और उस दूसरे शिष्य के पास पहुंची और उसने कहा कि वे कब्र से यीशु की देह को निकाल कर ले गए। सभी वहां पहुंचे और उन्होंने देखा की कफन के कपड़े पड़े हैं। सभी ने देखा वहां यीशु नहीं थे। तब सभी शिष्य चले गए, लेकिन मरियम मगदलिनी वहीं रही। रोती बिलखती मगदलिनी ने तभी कब्र में फिर से अंदर देखा जहां यीशु का शव रखा हुआ दिखाई दिया। वहां उन्होंने श्वेत वस्त्र धारण किए, दो स्वर्गदूत, एक सिरहाने और दूसरा पैताने, बैठे देखे। स्वर्गदूत ने उससे पूछा, तू क्यों विलाप कर रही है? तब मगदलिनी ने कहा कि वे मेरे प्रभु को उठा ले गए हैं। यह बोलकर जैसी ही वह मुड़ी तो उसने देखा कि वहां यीशु खड़े हैं। 
3. ईसा मसीह ने दिया मेरी मगदलीनी को उपदेश : यीशु ने मगदलिनी से कहा मैं अपने परमपिता के पास जा रहा हूं और तु मेरे भाइयों के पास जा। मरियम मग्दलिनी यह कहती हुई शिष्यों के पास आई और उसने कहा कि मैंने प्रभु को देखा है।...ऐसा भी कहा जाता है कि यीशु ने कुछ शिष्यों को भी दर्शन दिए।- बाइबल यूहन्ना 20
4. 40 दिनों तक धरती पर रहे ईसा मसीह : बाइबल की मान्यता अनुसार ईसा, यह साबित करने के लिए कि वे सचमुच मृतकों में से जी उठे हैं, प्रेरितों को समझाने का कार्य पूर्ण करने और अपनी कलीसिया की स्थापना करने के लिए, 40 दिनों तक इस दुनिया में रहे। इसके बाद वे प्रेरितों को जैतून पहाड़ पर ले गए और अपने हाथ उठाकर उन्हें आशीर्वाद देते हुए स्वर्ग की ओर उड़ते चले गए, जब तक कि एक बादलों ने उन्हें नहीं ढक लिया। तब दो स्वर्गदूत दिखाई दिए और उनसे कहा, 'यही येसु, जिसे तुम अपने बीच से स्वर्ग की ओर जाते देख रहे हो फिर आएंगे, जैसे तुमने उस स्वर्ग की ओर जाते देखा है। तब वह समस्त मानवों का न्याय करेगा।'
5. चर्च ऑफ द होली स्कल्प्चर : यरुशलम के प्राचीन शहर की दीवारों से सटा एक प्राचीन पवित्र चर्च है जिसके बारे में मान्यता है कि यहीं पर प्रभु यीशु पुन: जी उठे थे। जिस जगह पर ईसा मसीह फिर से जिंदा होकर देखा गए थे उसी जगह पर यह चर्च बना है। इस चर्च का नाम है- चर्च ऑफ द होली स्कल्प्चर। स्कल्प्चर के भीतर ही ईसा मसीह को दफनाया गया था। माना यह भी जाता है कि यही ईसा के अंतिम भोज का स्थल है।